चेन्नई सुपर किंग्स यानी CSK आईपीएल (IPL 2027) सीजन से पहले अपने कोचिंग सेटअप में कई बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। फ्रेंचाइजी ने हाल ही में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान (Zaheer Khan) को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। जहीर ने स्टीफन फ्लेमिंग (Stephen Fleming) की जगह ली है और रिपोर्ट्स की मानें तो अब उनके कोचिंग सेटअप में एक और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज की एंट्री होने वाली है।
दरअसल, द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहित शर्मा (Mohit Sharma) IPL 2027 से पहले CSK के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बन सकते हैं। आपको याद दिला दें कि मोहित पहले बतौर खिलाड़ी भी चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं और अब वह एक नई भूमिका में फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ सकते हैं।
CSK के CEO कासी विश्वनाथन ने द टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया है कि मोहित शर्मा टीम के नए कोचिंग सेटअप में बॉलिंग कोच की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मोहित की नियुक्ति जहीर खान की सिफारिश पर की जा रही है। इसके अलावा CSK अपने कोचिंग स्टाफ में कुछ और नियुक्तियां भी कर सकती है।
CSK के लिए पहले भी खेल चुके हैं मोहित
मोहित शर्मा का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पुराना कनेक्शन रहा है। उन्होंने IPL में कई टीमों का प्रतिनिधित्व किया है, लेकिन CSK के लिए उनका प्रदर्शन खास तौर पर याद किया जाता है। मोहित ने IPL 2014 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 विकेट चटकाए थे और इसी प्रदर्शन के दम पर वह उस सीजन पर्पल कैप जीतने में सफल रहे थे।
अपने पूरे IPL करियर में मोहित शर्मा ने 120 मुकाबले खेले और 134 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने भारतीय टीम के लिए भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। भारत के लिए मोहित ने 26 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिसमें उनके नाम क्रमशः 31 और 6 विकेट रहे।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब अगर मोहित शर्मा की CSK में बॉलिंग कोच के तौर पर नियुक्ति होती है, तो यह उनके लिए फ्रेंचाइजी के साथ एक नई शुरुआत होगी।