भारत के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपरकिंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। धोनी का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें वो रांची की सड़कों पर घूमते हुए दिख रहे हैं लेकिन इसी बीच जब उन्हें रास्ता नहीं पता चलता है तो वो अपनी कार रोककर सड़क पर लोगों को रोककर रास्ता पूछने लग जाते हैं।
धोनी को कई बार रांची में अकेले घूमते हुए देखा जा चुका है लेकिन इस बार का वायरल वीडियो कुछ खास है। ये वीडियो धोनी की सादगी की गवाही दे रहा है कि वो किस तरह से आम लोगों से बात करते हैं। इस वीडियो में धोनी रास्ता पूछते हैं, जिस पर वहां खड़े हुए लड़के उन्हें बताते हैं, एक गोल चक्कर आएगा, उसके बाद आप रांची की तरफ चले जाइए। इसके बाद धोनी फिर से कंफर्म करते हैं कि कौनसा वो सेकेंड मुर्ति वाला गोल चक्कर?
धोनी का ये वीडियो इस समय काफी वायरल हो रहा है और फैंस धोनी की सादगी के एक बार फिर से कायल हो गए हैं। भारत के पूर्व और चेन्नई सुपरकिंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी कार और बाइक्स के कितने दीवाने हैं ये तो किसी से भी नहीं छिपा है। धोनी अक्सर कभी कार में तो कभी किसी बाइक पर रांची की सड़कों पर घूमने निकल जाते हैं और उनके वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं।
हाल ही में भारत और कर्नाटक के पूर्व गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद और सुनील जोशी एमएस धोनी के रांची फार्महाउस में उनके विशाल गैरेज का विशेष दौरा करने भी पहुंचे थे और धोनी की कार और बाइक कलेक्शन देखकर प्रसाद के होश उड़ गए थे। उन्होंने ये वीडियो शेयर करते हुए कहा, “मैंने किसी व्यक्ति में सबसे पागलपन भरा जुनून देखा है। क्या कलेक्शन है और क्या आदमी है एमएसडी। एक महान उपलब्धि हासिल करने वाला और उससे भी अधिक अविश्वसनीय व्यक्ति। ये उनके रांची स्थित घर में बाइक और कारों के कलेक्शन की एक झलक है। उस आदमी और उसके जुनून से अभिभूत हूं।”