Women's Asia Cup 2026, PAK-W vs HK-W: महिला एशिया कप 2026 के इस मुकाबले में पाकिस्तान ने हांगकांग को 72 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। 144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की पूरी टीम महज 71 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की जीत की सबसे बड़ी स्टार नशरा संधू (Nashra Sandhu) रहीं, जिन्होंने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया।
महिला एशिया कप 2026 का 11वां मुकाबला सोमवार (7 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान और हांगकांग के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 143 रन का स्कोर खड़ा कर दिया।
पाकिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाज शवाल जुल्फिकार ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 35 गेंदों में 47 रन बनाए। उनके अलावा आयशा जफर ने 19 गेंदों में 29 रन, जबकि कप्तान फातिमा सना ने 24 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया।
हांगकांग की ओर से गेंदबाजी में जॉयलीन कौर ने 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं कैरी चान और इकरा सहर को 2-2 सफलता मिली।
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग के लिए कैरी चान ने जरूर कुछ संघर्ष दिखाते हुए 47 गेंदों में 30 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाईं। हालात इतने खराब रहे कि टीम की 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकीं। नतीजन हांगकांग की पूरी टीम 19 ओवर में सिर्फ 71 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी में बाएं हाथ की स्पिनर आकर्षण नशरा संधू ने महज 4 ओवर में सिर्फ 7 रन खर्च करते हुए 6 विकेट चटका दिए। उनके अलावा फातिमा सना, सादिया इकबाल, उम्म-ए-हानी और आयशा जफर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इस तरह पाकिस्तान ने हांगकांग को 72 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं इस जीत के साथ पाकिस्तान ने महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना शुक्रवार (11 सितंबर) को ग्रुप-बी की टॉप टीम श्रीलंका से होगा।