Nepal T20 league: पूर्व भारतीय दिग्गज कप्तान एम एस धोनी (MS Dhoni) के बारे में एक कहावत काफी ज्यादा वायरल है- 'एक था जो विकेट के पीछे से खेल बदल देता था।' यदि आप इंडियन क्रिकेट के तगड़े वाले सपोर्टर होने का दावा करते हैं, तो आप इन पंक्ति से परिचित होंगे। धोनी को उनकी स्मार्ट कप्तानी के अलावा उनके तेजतर्रार ग्लववर्क के लिए भी याद किया जाता है।
धोनी ने ऐसा मानदंड स्थापित किया है कि जब भी हम विकेटकीपिंग की संभावनाओं में अविश्वसनीय के करीब कुछ देखते हैं, तो अपने आप ही धोनी याद आ जाते हैं। ऐसा ही नजारा नेपाल में चल रही टी20 लीग में देखने को मिला, जहां बिराटनगर सुपर किंग्स के विकेटकीपर अर्जुन सऊद ने धोनी की ही तरह अद्भुत फुर्ती दिखाते हुए दो अविश्वसनिय रनआउट किए।
यह घटना विराटनगर और जनकपुर रॉयल्स के बीच मैच के दौरान हुई। अर्जुन सऊद ने अविश्वसनीय तरीके से पहले रन आउट को अंजाम दिया। ऐसा करने के दौरान वह पूरी तरह से कलाबाज़ी की स्थिति में दिखाई दे रहे थे। हवा में रहते हुए उन्होंने स्टंप्स को हिट किया था। इसके अलावा उन्होंने एक और रन आउट किया, स्टंप्स पर बिना देखे ही उन्होंने गेंद को हिट कर दिया था। ये कुछ ऐसा था जो हमने अक्सर धोनी को मैदान पर करते देखा है।
वहीं अगर नेपाल टी20 लीग की बात करें तो इस प्रतियोगिता में छह टीमें खेल रही हैं। ये प्रतियोगिता 24 दिसंबर से शुरू हुई और 11 जनवरी को समाप्त होगी। टूर्नामेंट के दौरान कुल 34 मैच खेले जाएंगे। लुम्बिनी ऑल स्टार्स अंक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि पोखरा एवेंजर्स ने अभी तक अपना खाता नहीं खोला है और वो अंतिम स्थान पर है।