Zak Crawley, First Class Cricket: इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद अब उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से भी अस्थायी ब्रेक लेने का फैसला किया है।
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जैक क्रॉली ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूरी बनाने का फैसला किया है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद अब वह केंट की ओर से अगले दो काउंटी चैंपियनशिप मैचों में भी हिस्सा नहीं लेंगे। इस रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार खराब प्रदर्शन के बाद क्रॉली ने खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा करने के लिए यह कदम उठाया है।
क्रॉली हाल ही में इंग्लैंड की टेस्ट टीम से बाहर कर दिए गए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए उनकी जगह एमिलियो गे को मौका मिला, जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में शानदार अर्धशतक लगाकर चयनकर्ताओं के फैसले को सही साबित किया। वहीं क्रॉली पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं।
काउंटी चैंपियनशिप के मौजूदा सीजन में क्रॉली का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने 12 पारियों में सिर्फ 226 रन बनाए और उनका औसत 20.54 का रहा। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर केवल 44 रन रहा। हालांकि टी20 ब्लास्ट में उन्होंने कुछ बेहतर बल्लेबाजी की है और ससेक्स के खिलाफ 41 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी भी खेली थी।
केंट क्लब ने एक बयान जारी कर बताया कि जैक क्रॉली, टीम प्रबंधन, कोचिंग स्टाफ और ECB के बीच चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है। क्लब के मुताबिक यह ब्रेक उन्हें दोबारा ऊर्जा हासिल करने और सीजन के बाकी हिस्से के लिए खुद को बेहतर तरीके से तैयार करने का मौका देगा। फिलहाल उनका पूरा ध्यान टी20 क्रिकेट और वाइटैलिटी ब्लास्ट पर रहेगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि क्रॉली जल्द ही द हंड्रेड टूर्नामेंट में सनराइजर्स लीड्स की कप्तानी संभाल सकते हैं। बताया जा रहा है कि हैरी ब्रूक इस बार कप्तानी की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते, जिसके बाद क्रॉली को यह भूमिका मिल सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।