भारत ने शनिवार को अल अमीरात में खेले गए फाइनल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 1 विकेट से जीत हासिल करते हुए मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। ट्रॉफी जीतकर वतन वापस लौटे अन्वय द्रविड़ ने इस मुकाबले को रोलर-कोस्टर राइड जैसा बताया है।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने उस्मान खान (107) की शतकीय पारी के दम पर 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 252 के स्कोर तक 8 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद मोहित उल्वा (नाबाद 49) ने मनल चौहान (47) के साथ नौवें विकेट के लिए 37 रन, जबकि चिगुरुपति वेंकट (नाबाद 11) के साथ 10वें विकेट के लिए 16 गेंदों में 30 रन की साझेदारी करते हुए भारत को रोमांचक जीत दिलाई। उल्वा ने मुकाबले की अंतिम गेंद पर विजयी चौका जड़ा।

रविवार को वतन लौटने पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने पत्रकारों से कहा, "शनिवार का मैच बहुत शानदार था। हम आखिरी गेंद पर जीत हासिल कर पाए, यह एक अद्भुत मैच था। एशिया कप जीतना बहुत अच्छा अनुभव रहा, खासकर इतने कड़े मुकाबले के बाद, जो किसी 'रोलर-कोस्टर राइड' जैसा था। एक समय तो हमें लगा कि हम लगभग बाहर हो चुके हैं, लेकिन वहां से वापसी करना वाकई कमाल था।"

वहीं, वीके विनीत ने कहा, "मैंने एशिया कप 2026 में भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया और हम इस एशिया कप के विजेता बने, जिस पर हमें गर्व है।"

पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल जीतने पर भारत की अंडर-19 टीम के कोच येरे गौड़ ने कहा, "हमने पिछले चार-पांच महीनों से कड़ी मेहनत की है। इससे पहले हमने श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी खेला था, जहां लड़कों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। टूर्नामेंट में उतरने से पहले ही हमें पता था कि हम अच्छा करेंगे, और लड़कों ने वाकई बहुत बढ़िया प्रदर्शन किया। जब भी दबाव की स्थिति आई, उन्होंने उसे अच्छे से संभाला और अपना बेहतरीन खेल दिखाया।"

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार