आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के डेब्यूटेंट तेज़ गेंदबाज़ प्रफुल्ल हिंगे ने आते ही इतिहास रच दिया। उन्होंने पारी के पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को पूरी तरह हिला दिया। उनकी गेंदबाज़ी के सामने RR का मजबूत टॉप ऑर्डर टिक ही नहीं पाया।
आईपीएल 2026 में एक नया नाम अचानक सुर्खियों में छा गया है और वो हैं सनराइजर्स हैदराबाद के 24 साल के डेब्यूटेंट तेज़ गेंदबाज़ प्रफुल्ल हिंगे। आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में 30 लाख के बेस प्राइस पर खरीदे गए इस गेंदबाज़ ने अपने पहले ही मैच में ऐसा कारनामा कर दिया, जो बड़े-बड़े दिग्गज भी नहीं कर पाए।
सोमवार (13 अप्रैल) को आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स जैसी मजबूत बल्लेबाज़ी लाइनअप के खिलाफ हिंगे ने पारी की शुरुआत की और पहले ही ओवर में मैच का पूरा रुख बदल दिया। कप्तान ईशान किशन ने उन पर भरोसा जताते हुए नई गेंद थमाई और हिंगे ने इस भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया।
ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने 15 साल के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को चौंका दिया। हिंगे की तेज़ बाउंसर पर सूर्यवंशी पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद को सही टाइम नहीं कर पाए और कैच थमा बैठे। इस तरह हिंगे ने उन्हें गोल्डन डक पर आउट कर दिया। इसके बाद भी हिंगे रुके नहीं। उन्होंने उसी ओवर में चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल (0) और आखिरी गेंद पर लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (0) को भी पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इस तरह वह आईपीएल इतिहास में पहले ही ओवर में तीन विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी बन गए हैं।
VIDEO:
राजस्थान रॉयल्स, जो इस सीजन में अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी के लिए जानी जा रही थी, अचानक दबाव में आ गई और टीम ने 3 ओवर में ही 16 रन पर 5 विकेट खो दिए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन कप्तान ईशान किशन ने 91 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन ने 40 रन बनाए, जबकि अंत में नितीश कुमार रेड्डी (28) और सलिल अरोड़ा (24*) ने तेजी से रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।