Prasidh Krishna Record: भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला (ENG vs IND 3rd ODI) बीते रविवार, 19 जुलाई को लंदन के आइकॉनिक स्टेडियम लॉर्ड्स में खेला गया था जहां रनों का अंबार लगा और कुल 747 बने। हालांकि इसी बीच प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) ने टीम इंडिया के लिए थोड़ी बेहतर गेंदबाज़ी की और इंग्लैंड के 2 विकेट झटके। इसी के दम पर उन्होंने कुछ खास रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, प्रसिद्ध कृष्णा ने लॉर्ड्स के मैदान पर अपने कोटे के 10 ओवर में 69 रन देकर जेकब बेथेल (93 गेंदों पर 91 रन) और हैरी ब्रूक (12 गेंदों पर 14 रन) का विकेट लिया। खास बात ये है कि ये दो विकेट लेकर उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने 50 विकेट पूरे कर लिए हैं और अब वो जसप्रीत बुमराह की बराबरी करके संयुक्त रूप से तीसरे सबसे कम ODI में 50 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज़ बन गए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने 28 वनडे में ये कारनामा किया है।
सबसे कम ODI में 50 विकेट (भारत)
- अजीत अगरकर - 23
- कुलदीप यादव - 24
- जसप्रीत बुमराह/प्रसिद्ध कृष्णा - 28
- मोहहम्मद शमी/मोहम्मद सिराज - 29
इतना ही नहीं, प्रसिद्ध कृष्णा भारत के लिए चौथे सबसे कम गेंदों पर 50 वनडे विकेट लेने वाले गेंदबाज़ भी बन गए हैं। उन्होंने 1345 गेंदों पर अपने 50 विकेट पूरे करके ये रिकॉर्ड बनाया है। इस मामले में उनसे ऊपर सिर्फ कुलदीप यादव (1213 गेंद), अजीत अगरकर (1242 गेंद) और मोहम्मद सिराज (1244 गेंद) हैं।
मैच का हाल: लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी जिसके बाद उन्होंने अपने 50 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर 387 रन स्कोरबोर्ड पर टांगे। उनके लिए बेन डकेट ने सर्वाधिक रन बनाए और 135 गेंदों पर 141 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में भारत के लिए रोहित शर्मा ने शतक लगाते हुए 138 रन ठोके, वहीं शुभमन गिल ने 84 गेंदों पर 77 रन और विराट कोहली ने 60 गेंदों पर 74 रन बनाए। हालांकि इसके बावजूद भारतीय टीम 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 360 रन ही बना पाई और ऐसे इंग्लैंड ने ये मुकाबला 27 रनों से जीतकर अपने नाम किया। उन्होंने ये सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर ली है।