आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स एक बार फिर चर्चा में आ गई है, लेकिन इस बार वजह टीम का प्रदर्शन नहीं बल्कि अर्शदीप सिंह की फिटनेस को लेकर उठे सवाल हैं। पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि अर्शदीप पूरी तरह फिट नहीं हैं और RCB के खिलाफ मैच से पहले उन्हें कुछ शारीरिक दिक्कतें थीं। दरअसल, टीम के फिजियो एंड्रयू लेपस ने मैच से पहले बताया था कि अर्शदीप के शरीर में कुछ परेशानी थी, जिस पर टीम लगातार काम कर रही है। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में ये चर्चा तेज हो गई कि पंजाब का स्टार तेज गेंदबाज़ पूरी तरह फिट नहीं है। इसके बाद खबरें आईं कि ट्रेनिंग सेशन में भी अर्शदीप अपने पुराने अंदाज़ में नजर नहीं आए। हालांकि जब गेंदबाज़ी कोच जेम्स होप्स से इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने ज्यादा कुछ कहने से बचते हुए अर्शदीप का बचाव किया। होप्स ने कहा कि अर्शदीप हमेशा की तरह मेहनत कर रहे हैं और अगर उनकी गेंदों पर कुछ आसान कैच नहीं छूटते तो इस सीजन में उनके विकेटों की संख्या काफी ज्यादा होती। RCB के खिलाफ मैच में अर्शदीप खेले भी और उन्होंने एक विकेट लिया, लेकिन इसके बावजूद उनकी फिटनेस और फॉर्म को लेकर चर्चा बंद नहीं हुई। आखिरकार पंजाब किंग्स को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि अर्शदीप पूरी तरह फिट हैं और टीम के साथ नियमित ट्रेनिंग कर रहे हैं। टीम मैनेजमेंट भी उनकी फिटनेस और प्रदर्शन से संतुष्ट है। पंजाब किंग्स के लिए ये समय काफी मुश्किल चल रहा है। सीजन की शानदार शुरुआत के बाद टीम लगातार हार झेल रही है और अब प्लेऑफ की उम्मीदें भी खतरे में हैं। ऐसे में टीम को अपने सीनियर खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी, खासकर अर्शदीप सिंह से, जो इस सीजन में टीम के सबसे अहम गेंदबाज़ों में से एक रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अगले मुकाबले में अर्शदीप किस तरह वापसी करते हैं और क्या पंजाब किंग्स अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रख पाती है या नहीं।
Advertisement
Advertisement