India vs England 1st T20I, Weather Update: भारत और इंग्लैंड के बीच शुरु हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला डरहम में खेला जाना है, लेकिन मौसम फैंस की टेंशन बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने मैच के दौरान बारिश की अच्छी-खासी संभावना जताई है।
भारत और इंग्लैंड के बीच इस सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार (1 जुलाई) को डरहम के रिवरसाइड ग्राउंड में खेला जाएगा। हालांकि मैच शुरू होने से पहले मौसम ने खिलाड़ियों और फैंस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। अगर मौसम का पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो सीरीज का आगाज बारिश से प्रभावित हो सकता है।
एक्वेदर (AccuWeather) की रिपोर्ट के मुताबिक मैच के दौरान पूरे समय आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही करीब 69 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में मुकाबले के दौरान बारिश रुकावट डाल सकती है या फिर ओवरों में कटौती भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रात तक बारिश जारी रह सकती है।
बारिश के अलावा मौसम तेज गेंदबाजों के लिए भी काफी मददगार रहने वाला है। मैच के दौरान तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, लेकिन तेज हवाओं के कारण यह करीब 12 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हो सकता है। लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और घने बादल स्विंग और सीम गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद दे सकते हैं।
गौरतलब है कि भारत इस सीरीज में हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ मिली 2-0 की हार को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहेगा। वहीं घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर इंग्लैंड जीत के साथ सीरीज का आगाज करने की कोशिश करेगा। ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की पूरी उम्मीद है, लेकिन अंतिम फैसला मौसम ही करेगा।
पहले टी20I के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI:
फिल सॉल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, साकिब महमूद, आदिल राशिद और ल्यूक वुड।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड के खिलाफ टी20I सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी।