Ravindra Jadeja 350 Test Wickets: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन सोमवार (17 अगस्त) को भारतीय स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका की पहली पारी में दो विकेट चटकाकर टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया।
इस मुकाबले से पहले जडेजा के नाम टेस्ट क्रिकेट में 348 विकेट दर्ज थे। ऐसे में उन्हें 350 विकेट के खास आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ दो विकेट की जरूरत थी। श्रीलंका की पहली पारी में जडेजा ने पहले कप्तान धनंजय डी सिल्वा को 21 रन के स्कोर पर अपना शिकार बनाया। इसके बाद जडेजा ने केशरा नुवांथा को सिर्फ 2 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। इस विकेट के साथ ही उनके टेस्ट करियर के 350 विकेट पूरे हो गए।
रवींद्र जडेजा अब टेस्ट क्रिकेट में 350 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के पहले लेफ्ट आर्म और कुल मिलाकर सिर्फ पांचवें गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा अब तक अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह ही कर पाए थे।
भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट
- अनिल कुंबले – 619 विकेट, 123 मैच
- रविचंद्रन अश्विन – 537 विकेट, 106 मैच
- कपिल देव – 434 विकेट, 131 मैच
- हरभजन सिंह – 417 विकेट, 103 मैच
- रवींद्र जडेजा – 350 विकेट, 90 मैच
जडेजा ने 350 विकेट पूरे करने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में एक और खास एलीट क्लब में एंट्री कर ली है। वह टेस्ट इतिहास में 4000 से ज्यादा रन और 350 से ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के सिर्फ दूसरे और दुनिया के कुल चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। जडेजा के नाम टेस्ट क्रिकेट में अब 4,108 रन और 350 विकेट दर्ज हैं। उनसे पहले भारत के कपिल देव, इंग्लैंड के इयान बॉथम और न्यूजीलैंड के डैनियल विटोरी ही इस खास उपलब्धि तक पहुंच पाए थे।
टेस्ट में 4000+ रन और 350+ विकेट लेने वाले खिलाड़ी
- कपिल देव – 131 मैच, 5,248 रन, 434 विकेट
- इयान बॉथम – 102 मैच, 5,200 रन, 383 विकेट
- डैनियल विटोरी – 113 मैच, 4,531 रन, 362 विकेट
- रवींद्र जडेजा – 90 मैच, 4,108 रन, 350 विकेट
Also Read: LIVE Cricket Score
रवींद्र जडेजा टेस्ट में अब तक 90 मैचों में 25.14 की औसत से 350 विकेट चटका चुके हैं और 38.04 की औसत से 4108 रन बना चुके हैं।