SLC-XI vs IND Warm-Up Match: भारत और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन (SLC XI) के बीच खेले जा रहे तीन दिवसीय वार्म-अप मैच में रविंद्र जडेजा ने अपनी गेंद से कमाल दिखाया। अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर ने शानदार गेंद पर पसिंदु सोरियाबंदरा के स्टंप बिखेरकर दिन का अपना पहला विकेट हासिल किया।
भारत और SLC XI के बीच तीन दिवसीय अभ्यास मुकाबला शुक्रवार (7 अगस्त) से कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर शुरू हुआ। जडेजा ने श्रीलंका XI के मध्यक्रम बल्लेबाज पसिंदु सोरियाबंदरा को क्लीन बोल्ड कर दिन का अपना पहला विकेट हासिल किया। यह विकेट श्रीलंका XI की पारी के 41वें ओवर की चौथी गेंद पर आया।
जडेजा ने ऑफ स्टंप की लाइन पर फुल लेंथ गेंद फेंकी। सोरियाबंदरा गेंद की लेंथ को सही तरीके से पढ़ नहीं पाए और बैकफुट पर जाकर पुल शॉट खेलने की कोशिश कर बैठे। लेकिन गेंद उतनी छोटी नहीं थी जितनी उन्होंने समझी। गेंद तेजी से स्किड हुई, बल्ले को चकमा देते हुए सीधे स्टंप्स से जा टकराई और जडेजा ने शानदार अंदाज में उनका विकेट अपने नाम कर लिया। सोरियाबंदरा ने आउट होने से पहले 63 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 6 चौके लगाए।
VIDEO:
अगर पहले दिन के खेल की बात करें तो श्रीलंका XI ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए स्टंप्स तक 8 विकेट पर 363 रन बना लिए। सलामी बल्लेबाज निशान फर्नांडो और रविंदु रसांथा ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। निशान फर्नांडो ने 65 गेंदों में 66 रन बनाए, जबकि रविंदु रसांथा ने 143 गेंदों में 71 रन की पारी खेली।
मध्यक्रम में कप्तान सोनल दिनुशा ने 72 गेंदों में 52 रन बनाए। इसके अलावा पवन रथनायके ने 39, अहान विक्रमसिंघे ने 31 और रमेश मेंडिस ने 32 रन का योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत की ओर से गेंदबाजी में रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। वहीं गुरनूर बराड़ को 1 सफलता मिली।