रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2026 की जबरदस्त शुरुआत करते हुए अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया। हालांकि, इस जीत के बावजूद आरसीबी की टीम अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रही है और अब एक वायरल वीडियो में दिख रहा है कि टीम के बल्लेबाज़ एक ऐसे गेंदबाज़ का सामना कर रहे हैं, जिसका एक्शन जसप्रीत बुमराह जैसा ही है।
हालांकि, ये पूरी तरह साफ़ नहीं है लेकिन बुमराह जैसा दिखने वाला ये गेंदबाज़ शायद महेश कुमार है। कुमार IPL सर्किट में काफी समय से सक्रिय हैं। कर्नाटक के रहने वाले कुमार 2018 से ही अक्सर RCB के साथ ट्रेनिंग करते रहे हैं, जिससे बल्लेबाज़ों को बुमराह का सामना करने की आदत डालने में मदद मिलती है। बुमराह का अनोखा एक्शन उनकी सफलता का एक बड़ा राज़ है और मुंबई इंडियंस के इस तेज़ गेंदबाज़ की लगभग हूबहू नकल करने वाले कुमार, टीम की तैयारियों में बहुत मददगार साबित होते हैं।
इंजीनियरिंग ग्रेजुएट कुमार को सबसे पहले आशीष नेहरा ने पहचाना था जो उस समय RCB के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा थे और उन्हें टीम में शामिल किया था। कुमार कुछ समय के लिए भारतीय टीम के नेट गेंदबाज़ के तौर पर भी काम कर चुके हैं। कुमार के RCB के खेमे में जुड़ने का मतलब साफ है कि RCB के बल्लेबाज बुमराह से डरे हुए हैं और वो मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में पूरी तैयारी के साथ जाना चाहेंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
RCB ने तो अपने पहले मैच में जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की है जबकि टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हो रहा है।वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेले जा रहे इस मैच में मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में मुंबई भी जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगी।