आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। LSG ने शुक्रवार, 29 मई को इस खबर की पुष्टि की और बताया कि उन्होंने पंत के कप्तानी की ज़िम्मेदारियों से मुक्त होने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
पंत आईपीएल 2025 के ऑक्शन में इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। उन्हें लखनऊ ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था।
फ्रेंचाइजी ने बयान जारी कर कहा, “ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) औपचारिक रूप से यह घोषणा करना चाहता है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी में अपनी कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त होने का अनुरोध किया है, और फ्रेंचाइजी ने तत्काल प्रभाव से उनके इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।”
Official announcement. pic.twitter.com/7WeOwpkDr6
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) May 29, 2026
टीम के कप्तान के तौर पर दो सीज़न के दौरान, पंत टीम को प्ले-ऑफ़ तक पहुंचाने में नाकाम रहे और टीम आईपीएल 2026 सीज़न में पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे दसवें नंबर पर रही। लखनऊ 14 मैचों में से सिर्फ चार मैच ही जीत पाई। इससे पहले 2025 का सीजन भी कुछ खास नहीं रहा था, जिसमें टीम 14 मैचों में से सिर्फ़ छह मैच ही जीत पाई थीय़ इसका मतलब है कि टीम की कप्तानी करते हुए 28 मैचों में पंत के नाम कुल 10 जीत ही दर्ज हैं।
पिछले हफ़्ते पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ सीज़न के अपने आख़िरी लीग मैच के तुरंत बाद, मूडी ने संकेत दिया था कि सीजन की समीक्षा के हिस्से के तौर पर नेतृत्व में बदलाव पर चर्चा की जाएगी।
मूडी ने कहा था कि, "आपको यह सोचना ही पड़ेगा कि क्या यह ऐसा दबाव है जो बल्ले से उनके प्रदर्शन में झलक रहा है। मुझे पता है कि यह सीज़न हमारे लिए मुश्किल रहा है, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे, हम समय लेंगे, हम इस पर सोचेंगे। हम सभी बातों पर गौर करेंगे।"
बता दें कि आईपीएल 2026 में पंत ने 13 पारियों में 28.36 की औसत और 138 की स्ट्राईक रेट से 312 रन बनाए,जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक जड़ा। मिचेल मार्श (563 रन) से बाद वह रनों के मामले में टीम के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे।