आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 (ICC T20 World Cup 2024) के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने 11 साल के लंबे इंतजार के बाद कोई आईसीसी खिताब जीता है। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली (Virat Kohli) ने इस फॉर्मट को अलविदा कह दिया है। उनके संन्यास के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी (Roger Binny) का कहना है कि इन दो दिग्गजों का रिप्लेसमेंट ढूंढना मुश्किल है।
बिन्नी ने कहा कि, "वे शानदार रहे हैं। उनका तुरंत रिप्लेसमेंट ढूंढ पाना बहुत मुश्किल होने वाला है, फिलहाल यह एक बड़ा नुकसान होने वाला है। उन्होंने बहुत योगदान दिया है. उम्मीद है कि हमें आईपीएल के माध्यम से कुछ युवा क्रिकेटर मिलेंगे। आईपीएल में बहुत प्रतिभा है। बहुत सारे क्रिकेटर आ रहे हैं लेकिन अंतर पाटने में कुछ समय लगेगा। उन्होंने बहुत योगदान दिया है। यह आसान नहीं होगा लेकिन हम कुछ युवा क्रिकेटरों से वह करने की कोशिश कर सकते हैं जो उन्होंने किया है। हम संभवत: अगले दो-तीन वर्षों में देखेंगे कि टीम उनके बिना ही अपने आप में वापस आ जाएगी।"
रोहित ने टी20 इंटरनेशनल में 159 मैच खेले और 140.89 के स्ट्राइक रेट से 4231 रन बनाये। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 32 अर्धशतक देखने को मिले है। विराट के टी20 इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने 125 मैच में 137.04 के स्ट्राइक रेट से 4188 रन बनाये है। इस फॉर्मेट में उनके नाम एक शतक और 38 अर्धशतक दर्ज है।
फाइनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 176 रन का स्कोर बनाया। टीम की तरफ से विराट कोहली ने 76(59) और अक्षर पटेल ने 47(31) रन की पारियां खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट हार्दिक पांड्या ने चटकाए। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने 2-2 विकेट लिए। अक्षर पटेल के खाते में एक विकेट गया।