IND vs NZ 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (7 नवंबर) को वेलिंगटन के वेलिंगटन रीजनल स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले वनडे में जीत दर्ज कर भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है। अब उसकी कोशिश दूसरे मुकाबले में भी जीत हासिल कर बढ़त मजबूत करने की होगी। इस मैच में एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
दिलचस्प बात यह है कि रोहित और विराट दोनों ही वेलिंगटन रीजनल स्टेडियम में अपना दूसरा वनडे मुकाबला खेलने उतरेंगे। इससे पहले दोनों ने जनवरी 2014 में इस मैदान पर मैच खेला था। उस मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस बार दोनों बल्लेबाजों के पास पुराने प्रदर्शन को पीछे छोड़कर बेहतर खेल दिखाने का मौका होगा।
वेलिंगटन में कैसा रहा है विराट कोहली का रिकॉर्ड?
विराट कोहली ने वेलिंगटन रीजनल स्टेडियम में अपना एकमात्र वनडे मुकाबला 31 जनवरी 2014 को खेला था। उस मैच में भारतीय टीम न्यूजीलैंड के 304 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। कोहली ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 78 गेंदों में 82 रन बनाए थे, लेकिन अन्य बल्लेबाज इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके। नतीजा यह रहा कि पूरी भारतीय टीम 49.4 ओवर में 216 रन पर सिमट गई और उसे 87 रन से हार का सामना करना पड़ा।
न्यूजीलैंड की धरती पर कोहली के ओवरऑल वनडे रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने अब तक 13 पारियों में 596 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 49.66 का रहा है और उनके बल्ले से पांच अर्धशतक, जबकि 1 शतक भी निकला है। यानी वेलिंगटन में एक मैच खेलने के बावजूद कोहली का न्यूजीलैंड में वनडे प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है।
रोहित शर्मा के आंकड़े भी जान लीजिए
रोहित शर्मा ने भी वेलिंगटन के इस मैदान पर अब तक सिर्फ एक वनडे मुकाबला खेला है। 31 जनवरी 2014 को खेले गए उस मैच में वह 304 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी करने उतरे थे, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। रोहित 13 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, न्यूजीलैंड में रोहित के वनडे रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने 14 मुकाबलों में 437 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 36.41 का रहा है और उनके बल्ले से चार अर्धशतक निकले हैं, जबकि न्यूजीलैंड की धरती पर रोहित अब तक इस फॉर्मेट में शतक नहीं लगा पाए हैं।