आईपीएल 2026 में रायपुर के मैदान पर खेले गए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के मुकाबले ने फैंस को जबरदस्त रोमांच दिया, लेकिन मैच के दौरान एक ऐसा विवाद भी सामने आ गया जिसने सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा दिया। मामला जुड़ा है पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर एस. बद्रीनाथ से, जिन्हें क्रुणाल पांड्या को लेकर की गई एक ऑन-एयर टिप्पणी के कारण लोगों की नाराज़गी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, मैच के दौरान क्रुणाल पांड्या मैदान पर क्रैम्प्स यानी मांसपेशियों में खिंचाव से परेशान दिखाई दे रहे थे। वो दर्द में नजर आ रहे थे और कुछ समय के लिए खेल भी धीमा पड़ गया था। इसी दौरान कमेंट्री कर रहे बद्रीनाथ ने एक ऐसी बात कह दी, जिसे फैंस ने बिल्कुल पसंद नहीं किया। सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स के मुताबिक, लोगों को लगा कि बद्रीनाथ ये कह रहे हैं कि खिलाड़ी को ज्यादा मदद नहीं मिलनी चाहिए या वो जरूरत से ज्यादा ड्रामा कर रहे हैं। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। कई फैंस ने कहा कि एक खिलाड़ी जब मैदान पर दर्द में हो, तब ऐसी बातें करना गलत है। कुछ यूज़र्स ने तो इसे खेल भावना के खिलाफ तक बता दिया। सोशल मीडिया पर जब बद्रीनाथ की जमकर आलोचना होने लगी तो उन्होंने अपने बयान को लेकर स्पष्टता जारी की। बद्रीनाथ ने एक्स पर लिखा, “उसे वहीं मरने दो”, मेरा रवैया ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। मैं जाकर उसकी मदद करूंगा। रायन रिकेटन का ये बहुत अच्छा कदम है। इसके लिए उन्हें और MI को ‘फेयर प्ले’ पॉइंट्स मिलने चाहिए। यही बात मैंने ऑन-एयर कही थी, उन लोगों के लिए जो बोलचाल वाली तमिल नहीं समझते।"
Advertisement
Advertisement