Samantha Bates Follow-Through Catch: द हंड्रेड विमेंस 2026 (The Hundred Women's 2026) के मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर सामंथा (Samantha Bates) बेट्स ने अपनी ही गेंद पर फॉलो-थ्रू में एक ऐसा गजब कैच लपका, जिसे देखकर वहां मौजूद खिलाड़ी और फैंस दोनों दंग रह गए।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का 14वां लीग मुकाबला शुक्रवार (31 जुलाई) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर ट्रेंट रॉकेट्स और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के बीच खेला गया। ट्रेंट रॉकेट्स के 154 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम लगातार विकेट गंवाती रही और 100 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते उसके 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।
इसी बीच पारी की 83वीं गेंद पर सामंथा बेट्स ने ऐसा कैच लपका जिसने सबको कुछ पल के लिए हैरान कर दिया। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर फ्लाइटेड गेंद डाली, जिस पर जोआना गार्डन ने आगे बढ़कर जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद तेजी से सीधी बेट्स की ओर लौट आई।
ऐसा लग रहा था कि गेंद उनके हाथ से निकल जाएगी, लेकिन सामंथा बेट्स ने फुर्ती दिखाते हुए फॉलो-थ्रू में शानदार रिएक्शन कैच लपक लिया। यह कैच इतना तेज और मुश्किल था कि ऐसा लगा मानो गेंद खुद उनके हाथों में आकर चिपक गई हो।
VIDEO:
इस बेहतरीन कैच के साथ जोआना गार्डन की छोटी पारी सिर्फ 4 गेंदों में 1 रन पर समाप्त हो गई। इस विकेट के बाद मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की बची-खुची उम्मीदें भी खत्म हो गईं और टीम मुकाबले से पूरी तरह बाहर हो गई।
अगर मैच की बात करें तो ट्रेंट रॉकेट्स के लिए सोफिया डंकली ने 33 गेंदों में 57 रन और सोफी लफ ने 26 गेंदों में 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत टीम निर्धारित 100 गेंदों में 153 रन तक पहुंचने में सफल रही।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करते हुए मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पूरी टीम 93 गेंदों में 122 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान मेग लैनिंग ने 24 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि कैथरीन ब्राइस ने 19 गेंदों में 27 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके और ट्रेंट रॉकेट्स ने 31 रन से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।