पहले दो मैचों में हार के बाद भारतीय टीम अब क्लीन स्वीप से बचने के लिए अंतिम वनडे में कुछ बदलावों के साथ मैदान पर उतर सकती है। पहले दोनों मैच में भारतीय टीम की रणनीति पूरी तरह विफल रही। तीसरा मैच भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे से शुरू होगा। बल्लेबाज बीच के ओवरों में बड़ी साझेदारियां निभाने में नाकाम रहे जबकि जसप्रीत बुमराह को छोड़कर बाकी भारतीय गेंदबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया।

Advertisement

इन दोनों मैच में भारतीय गेंदबाज केवल सात विकेट ले पाए। उन्होंने पहले मैच में चार और दूसरे मैच में तीन विकेट हासिल किए। रविचंद्रन अश्विन और भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाज किसी भी समय रासी वान डर डुसेन, जानेमन मलान और क्विंटन डी कॉक जैसे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश नहीं कर पाए।

Advertisement

पहले दो मैचों की असफलता के बाद मुख्य कोच राहुल द्रविड़ अगले मैच में जयंत यादव और दीपक चाहर को आजमा सकते हैं। पहले दो मैच बोलैंड पार्क पर खेले गए जहां कम तेजी और उछाल मिलती है तथा कप्तान केएल राहुल तक ने स्वीकार किया कि यहां की परिस्थितियां काफी हद तक अपने देश के जैसी हैं। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों की नाकामी चिंता का विषय है।

न्यूलैंड्स में हालांकि अधिक तेजी और उछाल होने की संभावना है। कप्तान राहुल के लिए पहले टेस्ट में शतक को छोड़कर यह दौरा अब तक यादगार नहीं रहा है। उन्हें भले ही भविष्य का कप्तान माना जा रहा है, लेकिन अभी तक उन्होंने शानदार प्रदर्शन नहीं किया है।

पहले दो मैचों में कप्तानी के अलावा बल्लेबाजी में भी राहुल ने निराश किया। वह स्ट्राइक रोटेट करने में असफल रहे जो कि वनडे में जरूरी माना जाता है। इसके बाद के बल्लेबाजों पर भी दबाव बढ़ा। रोहित शर्मा की वापसी पर राहुल को शीर्ष क्रम में अपना स्थान गंवाना पड़ सकता है, क्योंकि शिखर धवन ने वापसी पर अच्छी फॉर्म दिखाई है।

 

विराट कोहली ने पहले मैच में 51 रन बनाए लेकिन उन्हें वनडे कप्तानी से हटाया गया था और मैदान पर उनकी पहले जैसी ऊर्जा नजर नहीं आई। इसके अलावा दोनों अय्यर श्रेयस और वेंकटेश भी अब तक अपने खेल से प्रभावित नहीं कर पाए हैं जो कि भारत के लिए चिंता का विषय है।

Advertisement

टीम इस प्रकार हैं :

भारत : केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली,श्रेयस अय्यर/सूर्यकुमार यादव, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, आर अश्विन/जयंत यादव , भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर।

साउथ अफ्रीका : टेम्बा बावुमा (कप्तान), केशव महाराज, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), जानेमन मलान, सिसांडा मगाला, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, एंडिल फेहलुकवायो, तबरेज शम्सी, रासी वान डर डुसेन।

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार