जोहानिसबर्ग टेस्ट भारतीय टीम के लिए जैसा भी रहा हो लेकिन ये मैच शार्दुल ठाकुर को हमेशा याद रहेगा। पहली पारी में 7 विकेट लेने के बाद शार्दुल ने दूसरी पारी में बल्ले से भी टीम के लिए अहम योगदान दिया। मार्को जानसेन की गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने 24 गेंदों में 28 रन बनाए।
अपनी बल्लेबाज़ी के दौरान उन्होंने कई आतिशी शॉट खेले लेकिन उनके बल्ले से एक ऐसा शॉट भी निकला जिसे देखकर ड्रेसिंग रूम खुश हो गया और कप्तान कोहली तो Wow तक कह गए। शार्दुल का ये शॉट प्वाइंट की तरफ था और ये शॉट खेलते हुए उन्होंने अपनी दोनों टांगों को काफी खोल दिया।
इस अजीबोगरीब शॉट पर चौका लगाकर उन्होंने सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया। ड्रेसिंग रूम में विराट के अलावा मयंक अग्रवाल, बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ और हेड कोच राहुल द्रविड़ भी थे जो इस शॉट से मंत्रमुग्ध नजर आए।
वहीं, अगर इस टेस्ट की बात करें तो भारत ने दूसरी पारी में 200 से ज्यादा की लीड हासिल कर ली है और अब यहां से दक्षिण अफ्रीका के लिए चौथी पारी में 200 से ऊपर का स्कोर बनाना आसान नहीं रहने वाला है।