IPL 2026, Lucknow Super Giants vs Punjab Kings: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शनिवार (23 मई) को खेले गए करो या मरो मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए LSG ने 196 रन बनाए, लेकिन श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह की दमदार पारियों के दम पर पंजाब ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

Advertisement

आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत खराब रही और अर्शिन कुलकर्णी बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद निकोलस पूरन भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

Advertisement

हालांकि जोश इंगलिस ने एक छोर संभाले रखा और टीम की रन गति बनाए रखी। उन्होंने पहले आयुष बडोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 49 रन की तेज साझेदारी की। बडोनी ने सिर्फ 18 गेंदों में 43 रन की तूफानी पारी खेली।

इसके बाद इंगलिस ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ भी चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 65 रन जोड़े। पंत ने 22 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि इंगलिस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 72 रन ठोक दिए। आखिरी ओवरों में अब्दुल समद ने भी तेजी से रन बटोरे और 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर टीम का स्कोर 196 रन तक पहुंचाया।

पंजाब किंग्स के लिए गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और मार्को यानसन ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं शशांक सिंह और अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई को 1-1 सफलता मिली।

197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को भी प्रियांश आर्य (0) और कूपर कोनोली (18) के रुप में शुरुआती झटके पावरप्ले के अंदर ही लग गए। लेकिन इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच का पूरा रुख बदल दिया।

Advertisement

दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों में 140 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 69 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी भरी और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में नाबाद 101 रन की कप्तानी पारी खेली। उनकी इस शानदार शतकीय पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

Also Read: LIVE Cricket Score

श्रेयस के इस तूफानी शतक की बदौलत पंजाब किंग्स ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने 15 अंकों के साथ अंकतालिका में चौथे पायदान पर पहुंचते हुए प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने 2 विकेट लिए, वहीं अर्जुन तेंदुलकर के हाथ 1 सफलता लगी।

Advertisement

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार