Shubman Gill Record: अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा। वह इस मुकाबले में सिर्फ 47 रन बनाकर 3000 वनडे रन पूरे कर शिखर धवन और शाई होप के रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
भारतीय युवा स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने के करीब हैं। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे मुकाबला 13 जून को धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मैच में गिल की नजर 3000 वनडे रन के खास आंकड़े पर होगी। भारतीय कप्तान ने अब तक 61 वनडे मैचों की 61 पारियों में 2953 रन बनाए हैं। ऐसे में उन्हें 3000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 47 रन की जरूरत है। अगर गिल 3000 रन का आंकड़ा अपनी 62वीं वनडे पारी में छू लेते हैं तो वह वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज शाई होप को पीछे छोड़ते हुए वनडे इतिहास में 3000 रन तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला के नाम है, जिन्होंने सिर्फ 57 पारियों में 3000 वनडे रन पूरे किए थे।
वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज:
- हाशिम अमला – 57 पारियां
- शाई होप – 67 पारियां
- फखर जमान – 67 पारियां
- इमाम-उल-हक – 67 पारियां
- बाबर आजम – 68 पारियां
इतना ही नहीं, गिल के पास भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने का भी सुनहरा मौका है। यह रिकॉर्ड फिलहाल पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के नाम है, जिन्होंने 72 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। गिल अगर धर्मशाला में यह आंकड़ा छू लेते हैं तो वह धवन का रिकॉर्ड 10 पारियों के बड़े अंतर से तोड़ देंगे।
भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज:
- शिखर धवन – 72 पारियां
- विराट कोहली – 75 पारियां
- केएल राहुल – 78 पारियां
- नवजोत सिंह सिद्धू – 79 पारियां
- सौरव गांगुली – 82 पारियां
Also Read: LIVE Cricket Score
गिल इस समय शानदार फॉर्म में हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में शतक लगाकर आ रहे हैं। ऐसे में भारत के युवा कप्तान की फॉर्म को देखते हुए क्रिकेट फैंस को उनसे इस मुकाबले में एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी।