सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में मंगलवार को महाराष्ट्र ने त्रिपुरा के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की, जबकि पंजाब ने सौराष्ट्र को 7 विकेट से हराया। एक अन्य मुकाबले में चंडीगढ़ ने मिजोरम के खिलाफ 58 रन से जीत हासिल की। आइए, इन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।

महाराष्ट्र बनाम त्रिपुरा: न्यू चंडीगढ़ में आयोजित ग्रुप-सी के इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी त्रिपुरा ने कप्तान मणिशंकर मुरासिंह (66) की अर्धशतकीय पारी के दम पर 9 विकेट खोकर 181 रन बनाए। इस पारी के अंतिम ओवर की शुरुआती चार गेंदों पर विकेट गिरे, जिनमें 2 रन आउट भी शामिल थे। विपक्षी खेमे से विवेक शेलार ने 29 रन देकर 4 विकेट निकाले।

इसके जवाब में, महाराष्ट्र ने मैच की अंतिम गेंद पर 5 विकेट शेष रहते मुकाबला जीता। महाराष्ट्र की तरफ से साहिल पारख ने 27 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 66 रन बनाए, जबकि सिद्धेश वीर ने 34 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से चिरंजीत पॉल ने 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

पंजाब बनाम सौराष्ट्र: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के इस मैच में पंजाब ने 7 विकेट से जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सौराष्ट्र की टीम 18 ओवरों में महज 141 रन पर सिमट गई। इस पारी में हार्विक देसाई ने 31 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 51 रन बनाए। विपक्षी खेमे से इमानजोत सिंह चहल ने 29 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में पंजाब की टीम ने 12.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस पारी में अनमोलप्रीत सिंह ने 35 गेंदों में 8 बाउंड्री की मदद से नाबाद 52 रन बनाए, जबकि नमन धीर ने 42 रन टीम के खाते में जोड़े। इनके अलावा, रमनदीप सिंह ने 12 गेंदों में नाबाद 32 रन कूटे।

चंडीगढ़ बनाम मिजोरम: मुंबई स्थित वानखेड़े स्टेडियम में ग्रुप-ए के इस मुकाबले को चंडीगढ़ ने 58 रन से जीता। चंडीगढ़ ने 8 विकेट खोकर 187 रन बनाए। इस पारी में कप्तान शिवम भाम्बरी ने 29 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 61 रन बनाए। विपक्षी खेमे से कुलदीप यादव और भागमेंदर लाठर ने 3-3 विकेट निकाले।

इसके जवाब में मिजोरम 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 129 रन बना सकी। इस पारी में जेहू एंडरसन ने नाबाद 50 रन बनाए, जबकि मनेंद्र नरेंद्र सिंह ने 39 रन का योगदान दिया। विपक्षी खेमे से हार्दिक चौधरी ने 3 विकेट चटकाए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार