रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने वड़ोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराकर WPL 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। ये दूसरी बार है जब आरसीबी ने खिताब अपने नाम किया है। इस जीत के बाद एक तरफ आरसीबी के खेमे में खुशी का माहौल था तो दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स के खेमे में उदासी छा गई।
दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स तो अपने आंसू भी नहीं रोक पाई और लगातार चौथा WPL फाइनल गंवाने का दर्द उनके चेहरे पर साफ देखा जा सकता था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना मैच के बाद अपनी बेस्ट फ्रेंड जेमिमा रोड्रिग्स को सांत्वना दे रही हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंधाना जैसे ही अपनी दोस्त को देखती हैं वो तुरंत अपनी दोस्त के पास जाती हैं और उन्हें गले लगा लेती हैं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद दिल्ली ने 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। जिसमें कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 37 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। इसके अलावा लौरा वोल्वाड्ट ने 25 गेंदों में 44 रन, लिजेल ली ने 30 गेंदों में 37 रन और चिनेल हेनरी ने 15 गेंदों में नाबाद 35 रन की तूफानी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरूआत खराब रही र 9 रन के कुल स्कोर पर ग्रेस हैरिस के रूप में पहला झटका लगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके बाद मंधाना और वोल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों मे 165 रन की तूफानी साझेदारी की। मंधाना ने 41 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के जड़े। वहीं वोल ने 54 गेंदों में 14 चौकों की बदौलत 79 रन की पारी खेली। जिसकी बदौलत आरसीबी ने 2 गेंद बाकी रहते हुए जीत हासिल कर ली। दिल्ली के लिए चिनेल हेनरी ने 2 विकेट, नंदिनी शर्मा और मिन्नू मणि ने 1-1 विकेट लिया।