The Hundred Women 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 के मुकाबले में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) के लिए खेल रही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सकीं। ऑस्ट्रेलिया की स्पिन गेंदबाज जेस जोनासेन (Jess Jonassen) ने फ्लाइटेड गेंद से उन्हें चकमा देकर अपने जाल में फंसा लिया।

Advertisement

द हंड्रेड विमेंस 2026 का 30वां मुकाबला मंगलवार (11 अगस्त) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और सनराइजर्स लीड्स के बीच खेला गया। 167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को स्मृति मंधाना और ग्रेस स्क्रिवेंस ने शानदार शुरुआत दिलाई थी।

दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 24 गेंदों में 42 रन जोड़ चुकी थीं। स्मृति मंधाना भी सेट नजर आ रही थीं और तेजी से रन बना रही थीं। हालांकि, तभी ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी लेफ्ट आर्म स्पिनर जेस जोनासेन ने अपनी चाल से भारतीय बल्लेबाज को चकमा दे दिया।

मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पारी की 24वीं गेंद पर जोनासेन ने गेंद को अच्छी फ्लाइट दी। मंधाना गेंद की ऊंचाई को भांप नहीं पाईं और क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में थीं, लेकिन गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकल गई और सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई।

VIDEO:

इस तरह अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहीं स्मृति मंधाना की पारी 17 गेंदों में 28 रन पर खत्म हो गई। मंधाना के आउट होने के बाद ग्रेस स्क्रिवेंस भी 24 गेंदों में 31 रन बनाकर अपनी विकेट दे बैठीं। इसके बाद कप्तान मेग लैनिंग सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ऋचा घोष के बल्ले से 13 रन आए।

निचले क्रम के बल्लेबाज भी टीम को लक्ष्य के करीब नहीं ले जा सके। नतीजा यह रहा कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की टीम 100 गेंदों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 125 रन बना सकी और उसे 41 रन से हार का सामना करना पड़ा।

Also Read: LIVE Cricket Score

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स लीड्स ने निर्धारित 100 गेंदों में 166 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए एन्नाबेल सदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में नाबाद 62 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा फोएबे लिचफील्ड ने सिर्फ 12 गेंदों में 27 रन की तेजतर्रार पारी खेली और कप्तान डेनियल गिब्सन ने भी 13 गेंदों में 24 रन का अहम योगदान दिया था।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार