India Women vs Thailand Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बैटर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने रविवार (30 अगस्त) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में थाईलैंड के खिलाफ महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में 10 गेंदों में 19 रन की पारी खेली, जिसमें चार चौके जड़े और रनआउट के रूप में उनकी पारी का अंत हुआ।
भले ही स्मृति बड़ी पारी नहीं खेल पाई लेकिन खास रिकॉर्ड बना दिया। अपनी पारी का पहला चौका जड़ते ही स्मृति इंटरनेशनल क्रिकेट (Most Runs In Women’s International) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटरों की लिस्ट में सुजी बेट्स को पछाड़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गई।
स्मृति के अब तीनों फॉर्मेट के मिलाकर 310 इंटरनेशनल मैच की 301 पारियों में 10756 रन हो गए हैं। वहीं न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज बेट्स के नाम 10740 रन दर्ज हैं। उनसे आगे इस लिस्ट में अब पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज ही बची हैं।
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन
10868 - मिताली राज
10756 - स्मृति मंधाना
10740 - सुज़ी बेट्स
10273 - शार्लेट एडवर्ड्स
10007 - स्टेफनी टेलर
बता दें कि मौजूदा एशिया कप में भारतीय टीम का यह पहला मुकाबला है। पहले बल्लेबाजी का मौका मिलने के बाद स्मृति और शेफाली ने मिलकर भारतीय टीम को तेज शुरूआत दी और पहले विकेट के लिए तीन ओवर में 38 रन जोड़े।
टीमें:
थाईलैंड महिला (प्लेइंग इलेवन): अपिसारा सुवानचोनराथी, नट्टाकन चंटम, फन्निता माया, नन्नापत कोनचारोएनकाई (विकेटकीपर), चानिडा सुथिरुआंग, नाओमी हैमिल्टन, सुलेपोर्न लाओमी, नन्नाफट चाइहान, सुनिदा चतुरोंग्रट्टाना, थिपचा पुथावोंग (कप्तान), ओनिचा कामचोमफू
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत महिला (प्लेइंग इलेवन): स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा