महिला बिग बैश लीग (WBBL 2026) के 35वें मुकाबले में गुरुवार (26 नवंबर) को सिडनी सिक्सर्स (Sydney Sixers) और मेलबर्न स्टार्स (Melbourne Stars) की टीमें आमने-सामने थीं। नॉर्थ सिडनी ओवल में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड की स्टार बल्लेबाज सोफिया डंकले (Sophia Dunkley) ने अपनी शानदार फील्डिंग से महफिल लूट ली। उन्होंने मेलबर्न स्टार्स की कप्तान और ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी बल्लेबाज मेग लैनिंग (Meg Lanning) का एक शानदार कैच पकड़ा।
लैनिंग का विकेट मेलबर्न स्टार्स की पारी के आठवें ओवर में गिरा। इस ओवर में गेंदबाजी कर रहीं एश्ले गार्डनर (Ashleigh Gardner) की गेंद पर लैनिंग ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को सही तरह से टाइम नहीं कर सकीं। गेंद हवा में ऊंची उठकर एक्स्ट्रा कवर की दिशा में चली गई, जहां सोफिया डंकले तैनात थीं।
डंकले ने गेंद को हवा में जाते ही भांप लिया और तेजी से अपनी पोजिशन बदली। इसके बाद उन्होंने बाईं ओर छलांग लगाते हुए हवा में ही गेंद को शानदार तरीके से लपक लिया। इस तरह गार्डनर को लैनिंग का अहम विकेट मिला और उनकी पारी 22 गेंदों में 23 रन बनाकर समाप्त हो गई।
VIDEO:
Also Read: LIVE Cricket Score
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए मेलबर्न स्टार्स ने 160 रन बनाए। टीम की ओर से नाओमी स्टेलेनबर्ग (Naomi Stalenberg) ने सबसे ज्यादा 36 गेंदों में 47 रन की पारी खेली। इसके जवाब में सिडनी सिक्सर्स ने अपनी सलामी बल्लेबाज एलिस पेरी (Ellyse Perry) की शानदार पारी के दम पर लक्ष्य हासिल कर लिया। पेरी ने 60 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए और अपनी टीम को 19.4 ओवर में 161 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी।
सोफिया डंकले महिला बिग बैश लीग 2026 में अब तक 9 मुकाबले खेल चुकी हैं और उन्होंने 28.00 की औसत से 252 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 72 रन की एक शानदार पारी भी खेली थी।