पोर्ट एलिजाबेथ, 12 मार्च (CRICKETNMORE)| साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को आस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। आस्ट्रेलिया तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 180 रन बना पाई है। मेहमान टीम की बढ़त अभी महज 41 रनों की हुई है। मिशेल मार्श (39) और टिम पेन (5) नाबाद हैं।

Advertisement

साउथ अफ्रीका की पहली पारी 382 रनों पर समाप्त होने के बाद अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी आस्ट्रेलिया ने अपना पहला विकेट डेविड वॉर्नर (13) के रूप में गंवाया। उन्हें कगीसो रबाडा ने बोल्ड किया।

Advertisement

इसके बाद, कैमरून बैंक्रॉफ्ट (24) और ख्वाजा ने 35 रनों की साझेदारी कर टीम को 62 के स्कोर तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर बैंक्रॉफ्ट भी लुंगी नगीदी की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। 

साउथ अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज केशव महाराज ने आस्ट्रेलिया टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ (11) को विकेट के पीछे खड़े क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच आउट करा तीसरा विकेट भी गिरा दिया। 86 के कुल योग पर रबाडा ने शॉन मार्श (1) को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया। वह भी क्विंटन के हाथों लपके गए। आस्ट्रेलिया को बुरी दशा से ख्वाजा और मार्श ने निकालने की कोशिश की और अच्छी साझेदारी की।

 

ऐसा प्रतीत हो रहा था कि ख्वाजा नाबाद पवेलियन लौटेंगे लेकिन 75 के निजी स्कोर पर उन्हें रबाडा ने आउट करके आस्ट्रेलिया को दिन का खेल समाप्त होने से पहले पांचवा झटका दिया।

Advertisement

तीसरे दिन साउथ अफ्रीका के लिए रबाडा ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए, वहीं महाराज और नगीदी को एक-एक सफलता मिली। 

इससे पहले, दूसरे दिन के स्कोर सात विकेट पर 263 रनों से आगे खेलने उतरी साउथ अफ्रीका ने अब्राहम डिविलियर्स (नाबाद 126) की शानदार शतकीय पारी के दम पर तीसरे दिन अपने खाते में 119 रन जोड़े।

वर्नोन फिलेंडर ने 36 और केशव महाराज ने 30 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। डिविलियर्स ने फिलेंडर के साथ आठवें विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की, वहीं केशव के साथ नौवें विकेट के लिए 58 रन जोड़े। साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में आस्ट्रेलिया पर 139 रन की बेहद महत्वपूर्ण बढ़त ली।

Advertisement

पैट कमिंस ने फिलेंडर को और जोश हेजलवुड ने केशव को पवेलियन का रास्ता दिखाया। लुंगी नगीदी को स्मिथ ने रन आउट किया।

इस पारी में आस्ट्रेलिया के लिए कमिंस ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए, वहीं मिशेल और हेजलवुड को दो-दो सफलता मिली। नाथन लॉयन ने एक विकेट लिया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार