इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 67वां मुकाबला शुक्रवार, 22 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दौरान बारिश का कोई खतरा नहीं है और मौसम साफ़ रहने का अनुमान है। मैच के दौरान तापमान 30 डिग्री के ऊपरी स्तर पर रहने की उम्मीद है लेकिन बारिश की संभावना ना के बराबर है जिसका मतलब ये है कि फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि IPL के मौजूदा सीजन में जब पिछली बार इन दोनों टीमों की टक्कर हुई थी तब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 15.4 ओवर में 202 रनों का लक्ष्य हासिल करके सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से मात दी थी। इस मुकाबले में विराट कोहली (38 गेंदों पर नाबाद 69 रन) और देवदत्त पडिक्कल (26 गेंदों पर 61 रन) ने अर्धशतक ठोके थे। ऐसे में इस मैच में भी विराट कोहली के बल्ले से एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
ये मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा जो कि एक हाई स्कोरिंग वेन्यू है। गौर करें कि यहां साल 2026 के आईपीएल में अब तक छह मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से चार रन डिफेंड करने वाली टीमों ने जीते। यहां पहले बैटिंग करने वाली टीम को कम से कम 200 रन तो बनाने ही होंगे।