Indian Premier League:  इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के संस्थापक ललित मोदी ने बीसीसीआई द्वारा लीग में तत्काल 12 टीमों के विस्तार की संभावना को खारिज किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के कार्यक्रम में बदलाव करना जरूरी है, ताकि 94 मुकाबलों के अनिवार्य फॉर्मेट को लागू किया जा सके और मई के अंतिम सप्ताह में पड़ने वाली भीषण गर्मी से बचा जा सके।

ललित मोदी की यह टिप्पणी तब आई, जब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि साल 2028 तक आईपीएल में टीमों की संख्या 10 से बढ़ाकर 12 करने के प्रस्ताव पर बोर्ड के भीतर औपचारिक या अनौपचारिक रूप से कोई चर्चा नहीं हुई है।

ललित मोदी ने एक्स' पर लिखा, "मुझे खुशी है कि इस आधिकारिक बयान से फिलहाल 12 टीमों को लेकर अटकलें खत्म हो गई हैं। साथ ही, मैंने आप सभी को दिखाया था कि भविष्य में 94 मुकाबलों के अनिवार्य फॉर्मेट को लागू करने के लिए क्या करना होगा।"

उन्होंने टूर्नामेंट के कैलेंडर में बदलाव की वकालत करते हुए तर्क दिया कि भले ही बीसीसीआई उनके द्वारा पहले सुझाए गए फॉर्मेट को लागू न कर पाए, फिर भी टूर्नामेंट के शेड्यूल को आगे खिसकाने की जरूरत होगी।

उन्होंने कहा, "भले ही बीसीसीआई पुराने शेड्यूल को न अपना सके, लेकिन टूर्नामेंट के शेड्यूल को जल्दी खत्म करने के लिए इसे आगे खिसकाना ही होगा। अगर इसे 3 हफ्ते पहले फरवरी के तीसरे हफ्ते में शुरू किया जाए, तो यह मई के आखिरी तीन हफ्तों की भीषण गर्मी से बचने की दिशा में पहला कदम होगा। आप जलवायु परिवर्तन से बच नहीं सकते; मुझे खेद है। हमें इसके अनुसार खुद को ढालना होगा, न कि अन्य क्रिकेट आयोजनों की कीमत पर वास्तविकता को नजरअंदाज करते रहना चाहिए।"

सैकिया ने हाल ही में कहा था कि बोर्ड की तत्काल प्राथमिकता 2027 का संस्करण है, जो आईपीएल का 20वां सीजन होगा। सचिव ने यह भी बताया कि साल 2027 के मेगा ऑक्शन से पहले टीमों के लिए बजट को 125 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 150 करोड़ रुपए करने को लेकर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। यह घोषणा की गई है कि 16 दिसंबर को होने वाली नीलामी, मौजूदा चक्र की आखिरी नीलामी होगी।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार