Rajiv Gandhi International Stadium: पिछले दो महीनों से चली आ रही एक्शन से भरपूर आईपीएल की लड़ाई अपने अंत तक पहुंच गई है, और चार टीमों ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण से पहले चलिए एक नजर उन पांच खिलाड़ियों पर डालते हैं जो लाइमलाइट में रहेंगे।

Advertisement

70 लीग मैचों के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में पहुंच गए हैं।

Advertisement

क्वालीफायर 1 में टेबल टॉपर कोलकाता मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दूसरे स्थान पर मौजूद हैदराबाद से भिड़ेगी, जबकि राजस्थान और बेंगलुरु बुधवार को उसी स्थान पर एलिमिनेटर में आमने-सामने होंगे।

क्वालीफायर 1 का विजेता 6 मई को चेन्नई में होने वाले खिताबी मुकाबले के लिए अपनी जगह पक्की करेगा, जबकि हारने वाली टीम फाइनल में प्रवेश करने के लिए एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ेगी।

मुकाबले शुरू होने से पहले, आइए उन पांच खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं जो नॉकआउट मैचों में रोमांच लाएंगे।

विराट कोहली

Advertisement

स्टार भारतीय बल्लेबाज पिछले साल के वनडे विश्व कप से लेकर अब तक शानदार फॉर्म में हैं, जहां वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।

दाएं हाथ के बल्लेबाज ने आईपीएल में अपना फॉर्म जारी रखा और 14 मैचों में पांच अर्धशतक और एक शतक सहित 708 रन के साथ सबसे अधिक रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष पर हैं।

वह आरसीबी के बल्लेबाजी विभाग की रीढ़ बने हुए हैं और उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी की प्लेऑफ की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Advertisement

अभिषेक शर्मा

23 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने आने वाले वर्षों में भारतीय टी20 टीम का अहम हिस्सा बनने का कौशल दिखाया है। इस युवा बल्लेबाज ने हैदराबाद के लिए 13 मैचों में 467 रन बनाए हैं।

उन्होंने मौजूदा सीजन में तीन अर्धशतक भी लगाए और 209.41 की धमाकेदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ अंतिम लीग मैच में उनकी 28 गेंदों में 66 रनों की तेज पारी ने फ्रेंचाइजी को अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहने में मदद की। केकेआर को उनके खिलाफ मैदान में उतरने से पहले एक ठोस योजना बनानी होगी।

Advertisement

रियान पराग

2019 में डेब्यू करने के बाद से रियान का यह सीजन सबसे शानदार रहा है। मध्यक्रम के बल्लेबाज ने राजस्थान के लिए 13 मैचों में चार अर्धशतक सहित 531 रन बनाए हैं।

उन्होंने पूरे सीजन में बल्ले से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए फ्रेंचाइजी के लिए महत्वपूर्ण पारियां खेली हैं। राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण शीर्ष क्रम में जोस बटलर को खोने के बाद आरआर के लिए उनकी उपस्थिति अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

Advertisement

सुनील नारायण

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर सुनील नारायण ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह जिस भी टीम के लिए खेल रहे हैं, वह अकेले ही मैच का संतुलन बदल सकते हैं।

35 वर्षीय खिलाड़ी ने सीजन का भरपूर फायदा उठाया और एक शतक और तीन अर्धशतक की मदद से 461 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी विभाग में उन्होंने 13 मैचों में 15 विकेट लिए।

Advertisement

पैट कमिंस

विश्व कप विजेता कप्तान कमिंस ने आईपीएल में अपने नेतृत्व कौशल और फॉर्म को आगे बढ़ाया और फ्रेंचाइजी के साथ अपने पहले सीजन में एसआरएच को प्लेऑफ तक पहुंचाया।

उनके ऑन-फील्ड निर्णय और महत्वपूर्ण क्षणों में गेंदबाजों के सही चयन ने उन्हें टूर्नामेंट में मजबूत स्थिति में रहने में मदद की। 13 मैचों में, उन्होंने 15 विकेट हासिल किए हैं और निश्चित रूप से प्लेऑफ में प्रभाव डालेंगे।

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार