इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने अपने करियर में जिन खिलाड़ियों के खिलाफ खेला, उनमें से अपनी पसंदीदा ऑल टाइम टेस्ट इलेवन चुनी है। ब्रॉड की इस टीम में कई दिग्गज खिलाड़ियों को जगह मिली, लेकिन खास बात यह रही कि उनकी टीम में सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी शामिल है।
विजडन क्रिकेट द्वारा गुरुवार (18 जून) को उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की गई एक वीडियो में ब्रॉड ने इस टीम का चयन किया है। ओपनिंग के लिए उन्होंने साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ और श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा को चुना। संगकारा को उन्होंने विकेटकीपर की जिम्मेदारी भी सौंपी। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को जगह मिली।
भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो ब्रॉड ने अपनी पूरी टीम में सिर्फ एक भारतीय को शामिल किया और वह हैं विराट कोहली। कोहली को उन्होंने नंबर चार पर रखा। वहीं क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में गिने जाने वाले सचिन तेंदुलकर को उन्होंने अपनी टीम में जगह नहीं दी। यही नहीं, मौजूदा दौर के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी उनकी पसंदीदा इलेवन में जगह बनाने में नाकाम रहे।
मिडिल ऑर्डर में ब्रॉड ने स्टीव स्मिथ और जैक्स कैलिस को चुना। कैलिस इस टीम के एकमात्र स्पेशलिस्ट ऑलराउंडर हैं। वहीं एबी डिविलियर्स को सातवें नंबर पर रखा गया है, जो बल्लेबाजी के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर विकेटकीपिंग का विकल्प भी देते हैं।
गेंदबाजी विभाग में ब्रॉड ने बिना ज्यादा सोच-विचार के अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को चुना। तेज गेंदबाजी आक्रमण में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल जॉनसन, साउथ अफ्रीका के डेल स्टेन और ऑस्ट्रेलिया के ही मिचेल स्टार्क को शामिल किया गया। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन को दी गई।
ब्रॉड ने अपनी टीम चुनते समय एक मजेदार फैसला भी लिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को टीम का 12वां खिलाड़ी चुना। मजाकिया अंदाज में ब्रॉड ने कहा कि कमिंस की जिंदगी में सब कुछ इतना अच्छा चल रहा है कि अब उन्हें टीम के लिए ड्रिंक्स लेकर आने का काम करना चाहिए।
Also Read: LIVE Cricket Score
स्टुअर्ट ब्रॉड की चुनी हुई ऑल टाइम टेस्ट इलेवन:
ग्रीम स्मिथ, कुमार संगकारा, रिकी पोंटिंग, विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, जैक्स कैलिस, एबी डिविलियर्स, मिचेल जॉनसन, डेल स्टेन, मुथैया मुरलीधरन और मिचेल स्टार्क।