आईपीएल 2025 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 7 विकेट से हराकर सीजन की शानदार शुरुआत की। मैच में कोलकाता की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 174 रन बनाए लेकिन आरसीबी ने 16.2 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया और टूर्नामेंट का आगाज़ जीत के साथ किया।

Advertisement

आरसीबी की इस जीत में स्पिनर सुयश शर्मा ने भी अहम भूमिका निभाई। सुयश शर्मा बेशक महंगे साबित हुए लेकिन उन्होंने आंद्रे रसल का एक बहुत बड़ा विकेट भी लिया और जिस गेंद पर उन्होंने रसल को आउट किया उसने काफी सुर्खियां बटोरीं। उनकी ये गेंद 16वें ओवर में देखने को मिली जब ओवर की चौथी गेंद उन्होंने गूगली डाली लेकिन खतरनाक आंद्रे रसल इस गेंद को समझ नहीं पाए और हवाई शॉट लगाने के चक्कर में क्लीन बोल्ड हो गए।

Advertisement

एक विकेट लेने के बावजूद, सुयश महंगे साबित हुए और अपने चार ओवर में 47 रन लुटा दिए। आरसीबी के लिए अपना डेब्यू करने वाले क्रुणाल पांड्या ने तीन विकेट लिए, जिसकी बदौलत आरसीबी केकेआर को कम स्कोर पर रोकने में कामयाब रही। एक वक्त ऐसा था जब केकेआर का स्कोर 1 विकेट पर 107 रन था और टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती नजर आ रही थी लेकिन आखिरी 10 ओवरों में आरसीबी ने शानदार वापसी कर ली।

केकेआर के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सबसे ज्यादा 56 रन (31 गेंद) बनाए और सुनील नरेन ने भी तेजतर्रार 44 रन (26 गेंद) की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत धमाकेदार रही। ओपनिंग जोड़ी में विराट कोहली और फिल साल्ट ने पहले 6 ओवर में ही टीम का स्कोर 80 रन पार पहुंचा दिया। फिल साल्ट ने 31 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं विराट कोहली ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 36 गेंदों में 59 रन बनाए और अपनी पारी में 3 छक्के और 4 चौके जड़े। फिल साल्ट के आउट होने के बाद कप्तान रजत पाटीदार क्रीज पर आए और उन्होंने आक्रामक अंदाज में सिर्फ 16 गेंदों में 34 रन बनाए। इस तरह आरसीबी ने आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार