आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में टिम डेविड ने मैदान पर एक अलग ही ड्रामा खड़ा कर दिया। वह बार-बार गेंद को चेक करते नजर आए और अंपायर को तुरंत वापस देने से भी मना कर दिया। डेविड का यह अंदाज़ सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया है।
रविवार (12 अप्रैल) को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में एक अनोखा और थोड़ा मजेदार वाकया देखने को मिला। आरसीबी के विस्फोटक बल्लेबाज़ टिम डेविड अचानक गेंद को लेकर असंतुष्ट नजर आए और उन्होंने बीच मैच में ही उसे चेक करना शुरू कर दिया।
यह पूरा मामला पहली पारी के 18वें ओवर में सामने आया। हार्दिक पांड्या की गेंद पर टिम डेविड ने जोरदार छक्का जड़ा, जिसके बाद मुंबई इंडियंस ने गेंद बदलने की मांग की क्योंकि वह गीली हो चुकी थी। नियमों के अनुसार अंपायर्स ने नई गेंद चुनकर दी, लेकिन यहीं से कहानी में ट्विस्ट आ गया।
टिम डेविड ने नई गेंद को हाथ में लिया और उसे बार-बार देखने और उछालने लगे। ऐसा लग रहा था कि उन्हें गेंद के शेप पर शक है और अंपायर के गेंद मांगने पर तुरंत वापस देने से भी मना कर दिया। मैदान पर मौजूद अंपायर्स वीरेंद्र शर्मा और स्वरूपानंद कन्नूर इस हरकत से थोड़े नाराज़ भी दिखे और उन्होंने डेविड को चेतावनी दी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
अगर मैच की बात करें तो आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 240 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। फिल साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रन बनाए, विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन जोड़े और कप्तान रजत पाटीदार ने 20 गेंदों में 53 रन की तेज़ पारी खेली। वहीं टिम डेविड भी 16 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद लौटे।