Varun Chakravarthy Injury Update: भारत और अफगानिस्तान के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का दूसरा मुकाबला मंगलवार (15 सितंबर) को खेला जाना है। इसी बीच टीम इंडिया के खेमे से एक बुरी खबर सामने आ रही है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अफगानिस्तान के खिलाफ इस टी20 सीरीज के बाकी बचे मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि पहले मुकाबले के दौरान उन्हें चोट लगी है। हालांकि, उनकी चोट किस तरह की है और उसकी गंभीरता कितनी है, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI की तरफ से भी इस खबर की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वरुण ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में दरवेश रसूली को पवेलियन भेज दिया था। इसके बाद उन्होंने पूरे चार ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया था।
गौरतलब है कि वरुण पिछले कुछ महीनों से लगातार चोटों से जूझ रहे हैं और ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनके मामले में कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा। आईपीएल 2026 के दौरान भी वरुण को पैर में चोट लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए दर्द के साथ खेलना जारी रखा था। बाद में उन्हें इलाज और रिहैबिलिटेशन के लिए बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भेजा गया था। इसी वजह से वह आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाए थे।
इसके बाद वरुण ने इंग्लैंड के खिलाफ हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज से टीम में वापसी की थी, लेकिन तीन मुकाबलों के बाद उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण सीरीज से बाहर होना पड़ा। इसके बाद उन्हें एक बार फिर BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के लिए जाना पड़ा था।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वापसी करने के बाद एक बार फिर चोट की खबर सामने आई है। अगर वरुण अगले मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका होगा, क्योंकि वह मौजूदा समय में टीम के अहम स्पिन विकल्पों में शामिल हैं।