आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में भारतीय क्रिकेट के स्टार विराट कोहली ने एक चौका लगाते ही बड़ा इतिहास रच दिया। कोहली आईपीएल में ये खास माइलस्टोन हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में विराट कोहली ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। पारी की शुरुआत करने उतरे कोहली ने जैसे ही अपना पहला चौका लगाया, वह आईपीएल इतिहास में 800 चौके पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
कोहली ने यह खास मुकाम पारी के दूसरे ओवर में हासिल किया, जब उन्होंने कगिसो रबाडा की गेंद पर शानदार चौका जड़ा। इसी के साथ उन्होंने अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड जोड़ लिया और लीग के इतिहास में नई मिसाल कायम कर दी। आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में कोहली टॉप पर हैं। उनके बाद शिखर धवन, डेविड वॉर्नर और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का नाम आता है, लेकिन अभी कोई भी 800 चौकों के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है।
आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाज:
- विराट कोहली – 274 मैच – 800* चौके
- शिखर धवन – 222 मैच – 768 चौके
- डेविड वॉर्नर – 184 मैच – 663 चौके
- रोहित शर्मा – 276 मैच – 653 चौके
- अजिंक्य रहाणे – 205 मैच – 522 चौके
इतना ही नहीं अपनी पारी में पहला छक्का लगाते ही कोहली आईपीएल में 300 छक्के पूरे कर चुके हैं। इसी के साथ ही वह आईपीएल में क्रिस गेल (357 छक्के) और रोहित शर्मा (310 छक्के) के बाद 300 छक्के लगाने वाले सिर्फ तीसरे और एक ही टीम के लिए खेलते हुए ये आंकड़ा छुने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। कोहली का बल्ला इस सीजन भी जमकर बोल रहा है। आईपीएल 2026 में वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और अब तक 300 से ज्यादा रन बना चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए साईं सुदर्शन ने शानदार शतक जड़ा और 58 गेंदों में 100 रन बनाए। वहीं शुभमन गिल (32) और जोस बटलर (25) ने भी अहम योगदान दिया।