Vitel Lawes Three Wickets Over Video: जमैका किंग्समेन (Jamaica Kingsmen) के 19 वर्षीय स्पिन गेंदबाज़ वाइटल लॉज़ (Vitel Lawes) ने रविवार, 30 अगस्त को CPL 2026 के 20वें मुकाबले में शानदार गेंदबाज़ी की और 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके। गौरतलब है कि उन्होंने त्रिनबागो नाइट राइडर्स (Trinbago Knight Riders) के बैटिंग ऑर्डर की कमर ही तोड़ दी और अपने एक ही ओवर में विपक्षी टीम के 3 विकेट चटका दिए।
ये घटना TKR की पारी के 14वें ओवर में घटी। यहां जमैका किंग्समेन के लिए Vitel Lawes अपने कोटे का दूसरा ओवर ही डालने आए थे जिसकी पहली दो गेदों पर ही उन्होंने कॉलिन मुनरो और कीरोन पोलार्ड का बड़ा विकेट चटका दिया। कॉलिन मुनरो 42 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। वहीं विस्फोटक बल्लेबाज़ कीरोन पोलार्ड गोल्डन डक पर आउट होकर पवेलियन लौटे।
खास बात ये है कि वो यहां पर ही नहीं रुके और उन्होंने अगली तीन गेंद डॉट डालकर आखिरी यानी छठी गेंद पर मैथ्यू ट्रॉम्प को भी अपनी फिरकी में फंसा लिया। ट्रॉम्प 4 गेंदों पर बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौटे। CPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।
मैच का हाल: त्रिनिदाद के मैदान पर Jamaica Kingsmen ने टॉस जीतकर Trinbago Knight Riders को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 180 रन बनाए। TKR के लिए कॉलिन मुनरो (42 गेंदों पर 52 रन), सुनील नारायण (24 गेंदों पर 53 रन) और निकोलस पूरन (37 गेंदों पर 60 रन) ने अर्धशतक ठोके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में जमैका किंग्समेन के लिए कीसी कार्टी ने 33 गेंदों पर 42 रन, किर्क मैकेंज़ी ने 25 गेंदों पर 30 रन और सैम अयूब ने 18 गेंदों पर नाबाद 24 रन ठोके। इन्हीं के दम पर टीम ने 14.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 127 रन बनाए। इसके बाद बारिश ने खेल में ऐसा खलल डाला की गेम को ही रोकना पड़ गया। ऐसे में DLS विधि से मुकाबले का नतीजा निकाला गया और जमैका किंग्समेन को 7 रनों से जीता हुआ घोषित कर दिया गया।