Steve Smith Angry Video: मार्नस लाबुशेन (Marnus Labuschagne) की कैप्टेंसी वाली हैदराबाद किंग्समेन (Hyderabad Kingsmen) की टीम ने बीते बुधवार, 29 अप्रैल को पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) के पहले एलिमिनेटर मुकाबले में मुल्तान सुल्तान्स (Multan Sultans) को 8 विकेट से मात देकर जीत हासिल की। गौरतलब है कि इसी बीच मुल्तान के दिग्गज बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ (Steve Smith) अपने बैट से कुछ खास योगदान नहीं कर पाए जिसके कारण वो आउट होने के बाद पूरी तरह बौखला गए।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना मुल्तान सुल्तान्स की इनिंग के तीसरे ओवर की आखिरी गेंद के बाद घटी। यहां मोहम्मद अली की गेंद पर स्टीव स्मिथ मिस टाइम शॉट खेलकर माज़ सदाकात को कैच देकर आउट हो गए थे। वो 10 गेंदों पर सिर्फ 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे, जिस वज़ह से वो खुद से ही काफी नाराज थे।
उनकी ये नाराज़गी मुल्तान सुल्तान्स के ड्रेसिंग रूम में देखने को मिली, जहां उन्होंने आपा खोकर अपना बैट जमीन पर पटक दिया और फिर गुस्से में ही कुर्सी पर बैठे गए। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि स्टीव स्मिथ खुद से इसलिए भी नाराज थे क्योंकि उन्हें आउट होने से पहले मोहम्मद अली के ओवर में ही एक जीवनदान मिला था। हालांकि उन्होंने अपनी गलती को बिल्कुल भी नहीं सुधारा और फिर से कुछ ही देर बाद एक और गलत शॉट खेलकर कैच आउट हो गए।
उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में मुल्तान सुल्तान्स के लिए 11 मैचों में 34.54 की औसत और 161.70 की स्ट्राइक रेट से 380 रन बनाए।
ऐसा रहा मैच का हाल: PSL के एलिमिनेटर-1 में मुल्तान सु्ल्तान्स की टीम ने शान मसूद की अर्धशतकीय (46 गेंदों पर नाबाद 69 रन) पारी के दम पर 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 159 रन बनाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में हैदराबाद किंग्समेन के लिए माज़ सदाकत (33 गेंदों पर नाबाद 64 रन) और उस्मान खान (35 गेंदों पर 64 रन) ने तूफानी हाफ सेंचुरी ठोकी जिसके दम पर टीम ने 15.2 ओवर में 160 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 8 विकेट से जीत दर्ज की।