टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 37वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने इटली को 42 रनों से हराकर ग्रुप स्टेज का समापन चार मैचों में चार जीत के साथ किया। वहीं, इटली को अपने आखिरी ग्रुप मैच में भी हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 165 रन बनाए थे लेकिन इटली की टीम जवाब में 18 ओवर खेलकर सिर्फ 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत काफी खऱाब रही और ओपनर ब्रैंडन किंग सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, दूसरे छोर से वेस्टइंडीज के लिए शाई होप ने खूंटा गाड़े रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 75 रनों की पारी खेली। होप के अलावा रोस्टन चेज़ (24) और शेरफेन रदरफोर्ड ने भी 24 रनों का योगदान दिया जिसके चलते वेस्टइंडीज की टीम 165 रनों तक पहुंचने में सफल रही।
इटली के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और इसकी अगुवाई क्रिशन कलुगामागे और बेन मैनेंटी ने की। क्रिशन कलुगामागे और बेन मैनेंटी ने 2-2 विकेट चटकाए। जब इटली की टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उन्हें अच्छी शुरुआत की दरकार थी लेकिन उन्होंने पावरप्ले में ही अपने टॉप 3 बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इसके बाद तो इटली की टीम मैच में बस संघर्ष करती हुई ही नजर आई।
Also Read: LIVE Cricket Score
इटली के लिए बेन मैनेंटी ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए और उनके आउट होते ही इटली की बची हुई उम्मीदें भी खत्म हो गई। मैनेंटी के अलावा जेजे स्मट्स ने भी 24 रनों का योगदान दिया लेकिन इन दोनों के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और पूरी टीम 18 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई जिससे वेस्टइंडीज को 42 रनों से आसान जीत मिल गई। वेस्टइंडीज के लिए शमर जोसेफ ने 4 और मैथ्यू फोर्ड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए।