विजय हजारे ट्रॉफी में सिक्किम के खिलाफ शानदार आगाज़ के बाद दिग्गज रोहित शर्मा से उत्तराखंड के खिलाफ भी एक बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन इस मैच में उनकी किस्मत ने ऐसी करवट बदली कि वो पहली ही बॉल पर गोल्डन डक पर आउट हो गए। जयपुर में खेले गए पहले मैच में उन्होंने सिक्किम के खिलाफ 155 रनों की शानदार पारी खेली थी जिसके बाद इस मुकाबले को देखने के लिए भी फैंस में जबरदस्त उत्साह था।

कई समर्थक सुबह सात बजे से ही स्टेडियम के बाहर जमा हो गए थे, ताकि अपने पसंदीदा बल्लेबाज़ को एक बार फिर बड़े शॉट्स लगाते हुए देख सकें। लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया, जब मैच के पहले ओवर में ही रोहित आउट हो गए। उत्तराखंड के तेज़ गेंदबाज़ देवेंद्र सिंह बोरा ने पहली ही गेंद पर वो कारनामा कर दिखाया, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है।

Advertisement

बोरा ने सटीक लाइन और लेंथ पर गेंद डाली, जिसे खेलने की कोशिश में रोहित शर्मा ने जगमोहन नागरकोटी को कैच थमा दिया। महज़ 25 साल के इस तेज़ गेंदबाज़ के लिए ये विकेट किसी सपने के सच होने जैसा रहा। मौजूदा दौर के सबसे सफल और अनुभवी वनडे बल्लेबाज़ों में से एक को आउट करना किसी भी युवा गेंदबाज़ के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दे सकता है।

Advertisement

दिलचस्प बात ये है कि देवेंद्र सिंह बोरा का ये केवल तीसरा लिस्ट ए मुकाबला था। रोहित शर्मा 50 ओवर के क्रिकेट में उनका पांचवां विकेट बने। अब तक के अपने छोटे से करियर में बोरा ने 19.5 के शानदार औसत और 20.2 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से विकेट हासिल किए हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही इतने बड़े नाम को आउट करना निश्चित रूप से आगे के मैचों के लिए उनके हौसले को और मजबूत करेगा।

इससे पहले भी बोरा ने अपने प्रदर्शन से ध्यान खींचा था। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 4 विकेट लेकर सिर्फ 44 रन खर्च किए थे, जो उनकी निरंतरता और गेंदबाज़ी कौशल को दर्शाता है। अगर उनके फर्स्ट क्लास करियर की बात करें, तो उन्होंने अब तक 30 विकेट लिए हैं, भले ही वहां उनका औसत थोड़ा अधिक रहा हो। देवेंद्र बोरा का नाम उत्तराखंड प्रीमियर लीग में भी चर्चा में रहा है। इस साल की शुरुआत में उन्होंने देहरादून वॉरियर्स की ओर से खेलते हुए छह मैचों में 10 विकेट चटकाए और लगभग हर मुकाबले में अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया।

Also Read: LIVE Cricket Score

विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा का विकेट उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा पल माना जा सकता है, जिसने उन्हें घरेलू क्रिकेट में एक नई पहचान दिला दी है। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि आगे आने वाले मैचों में वो इस आत्मविश्वास का कितना फायदा उठा पाते हैं।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार