न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में मिली जीत के बाद हुए नाइटक्लब विवाद ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को मुश्किल में डाल दिया है। इसी बीच अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं।

Advertisement

मामला उस समय सामने आया जब बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन पर टीम प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए जीरी तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में मिली 115 रन की जीत के बाद लंदन के चेल्सी स्थित एक नाइटक्लब पहुंचे थे। वहीं उनकी मुलाकात सारासेन्स रग्बी खिलाड़ी टोतोआ औवा से हुई, जिसके बाद बहस शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की नौबत आ गई। इस दौरान एक सुरक्षा अधिकारी भी चोटिल हो गया और उसे टांके लगवाने पड़े। घटना के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों खिलाड़ियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

इसी बीच ईएसपीएनक्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। रिपोर्ट के अनुसार 35 वर्षीय बेन स्टोक्स अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कहने पर विचार कर रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो उनके 15 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो सकता है।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ECB ने स्टोक्स को अपनी शर्तों पर कप्तानी छोड़ने का विकल्प दिया है। हालांकि फिलहाल स्टोक्स ने कप्तानी को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। अगर वह खुद कप्तानी नहीं छोड़ते हैं तो बोर्ड भी इस विवाद के बाद उनके भविष्य पर बड़ा फैसला ले सकता है।

वहीं खबर यह भी है कि संन्यास के अलावा स्टोक्स क्रिकेट से कुछ समय का ब्रेक लेने पर भी विचार कर सकते हैं। इससे पहले वह 2021 में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कारणों के चलते खेल से दूर हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने वापसी की और अगले साल इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि स्टोक्स और गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ बाकी टेस्ट सीरीज से निलंबित किया जा सकता है। फिलहाल बेन स्टोक्स ने इस पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में इंग्लैंड क्रिकेट से जुड़ा यह मामला और भी बड़ा रूप ले सकता है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार