28 मार्च। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता पहलवान बजरंग पूनिया और भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को गुरुवार को दिल्ली खेल पत्रकार संघ (डीएसजेए) के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Advertisement

भारतीय महिला हाकी टीम की कप्तान रानी रामपाल और युवा निशानेबाज मनु भाकर को महिला वर्ग में वर्ष की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया जबकि सिडनी ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कुश्ती कोच राज सिंह को उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

भारत के युवा निशानेबाजों को निखारने में अहम भूमिका निभाने वाले जसपाल राणा और पंत के बचपन के कोच तारक सिन्हा को सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार दिया गया। राणा का पुरस्कार उनकी पत्नी और बेटी तथा तारक सिन्हा का पुरस्कार खुद ऋषभ ने ग्रहण किया। 

मनु भाकर का पुरस्कार भी उनके पिता ने ग्रहण किया। मनु इस समय चीनी ताइपे में एशियाई एयर गन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

भारतीय ओलंपिक संघ(आईओए) के अध्यक्ष डा. नरेंद्र ध्रुव बत्रा, अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के मानद सदस्य राजा रणधीर सिंह, पूर्व हाकी कप्तान जफर इकबाल, जेके टायर मोटर स्पोर्टस के प्रमुख संजय शर्मा, पूर्व निशानेबाज मोराद अली खान और हाकी ओलंपियन हरबिंदर सिंह ने खिलाड़ियों को ये पुरस्कार प्रदान किए। 

बजरंग ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा कि उनका लक्ष्य 2020 के टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है। अभी तक कोई भी भारतीय पहलवान ओलंपिक में सोने का तमगा नहीं जीत पाया है। 

उन्होंने कहा, "इस पुरस्कार से मुझे और मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। मैं ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाला पहला भारतीय पहलवान बनने की पूरी कोशिश करूंगा। अभी यही मेरा लक्ष्य है।" 

पंत ने कहा, "हम जैसे युवा खिलाड़ियों के लिए इस तरह के सम्मान काफी मायने रखते हैं। इससे निश्चित तौर पर मुझे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।" 

हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल बेंगलुरू में चल रहे राष्ट्रीय शिविर से अनुमति के साथ एक दिन का अवकाश लेकर यह पुरस्कार ग्रहण करने आई थीं। उन्होंने कहा, "हमारा भारत के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर हमेशा ध्यान केंद्रित रहता है। ऐसे पुरस्कारों से हमें सही दिशा में बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।" 

पुरस्कार समारोह में दिविज शरण (टेनिस), मीनाक्षी पाहूजा ( चैनल तैराकी), अभिषेक वर्मा (तीरंदाजी), सीमा यादव (मैराथन) और दीक्षा डागर (गोल्फ) को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

Advertisement

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार