The Untold Story of Basin Reserve (Wellington) Cricket Ground - 2026 के न्यूजीलैंड टूर पर भारत का पहला टेस्ट मैच 19 नवंबर से वेलिंगटन के मशहूर 'बेसिन रिजर्व' में है। लगभग 160 साल का क्रिकेट इतिहास है इस खूबसूरत ग्राउंड का और ये न्यूजीलैंड क्रिकेट की कई शानदार जीत और खिलाड़ियों के बेहतरीन व्यक्तिगत प्रदर्शन का गवाह है।

'द बेसिन' (The Basin) के नाम से मशहूर, इस ग्राउंड को न्यूजीलैंड का सबसे पुराना इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड गिनते हैं और वहां का इकलौता ऐसा क्रिकेट ग्राउंड जो 'हेरिटेज न्यूजीलैंड' (Heritage New Zealand) में एक ऐतिहासिक वेन्यू के तौर पर दर्ज है।

विश्वास कीजिए, ये ग्राउंड जनवरी 1855 में आए 'वैरारापा' (Wairarapa) भूकंप की देन है। 8.2 तीव्रता वाले इस भूकंप ने वेलिंगटन के भूगोल को पूरी तरह बदल दिया था। ये इलाका तो 'वायतांगी स्ट्रीम' (Waitangi Stream) से जुड़ी एक दलदली झील (lagoon) था। भूकंप आया तो जमीन ऊपर उठ गई जिससे झील से पानी बह गया। कहां तो यहां एक इनलैंड हार्बर (भीतरी बंदरगाह) बनाने के प्रपोजल पर काम हो रहा था और जब पानी रहा ही नहीं तो ये प्रोजेक्ट खटाई में पड़ गया। जो जमीन मिली, उस पर अब एक एंटरटेनमेंट रिजर्व और क्रिकेट ग्राउंड बनाने का फैसला हुआ और ये वही ग्राउंड है।

1863 में यहां डेवलपमेंट का काम शुरू हुआ जिसके लिए पास के 'माउंट कुक जेल' (Mount Cook Gaol) के कैदियों को काम पर लगा दिया था। उन्होंने ही उबड़खाबड़ जमीन को समतल किया और कीचड़ हटाया। दिसंबर 1866 तक ये 'द बेसिन' के नाम से ऑफिशियल तौर पर वेलिंगटन का क्रिकेट ग्राउंड बन गया था। 11 जनवरी 1868 को यहां पहला मैच खेले और जनवरी 1930 में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट। तब तक न्यूजीलैंड में सिर्फ क्राइस्टचर्च में ही टेस्ट खेले थे। तब से ये न्यूजीलैंड क्रिकेट का एक बड़ा सेंटर बना हुआ है।

वेलिंगटन के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट से सिर्फ दो किलोमीटर दूर है ये और 'माउंट विक्टोरिया' की तलहटी में बसा है। अब तो 'द बेसिन' एक तरह से शहर के बीच में ही है और इसके चारों ओर शहर के कई मशहूर वेन्यू और बिल्डिंग हैं। और एक बड़ी अजीब और खास बात ये कि इस ग्राउंड के चारों ओर सड़क है और ये वहां ट्रैफ़िक का सबसे व्यस्त गोल चक्कर (roundabout) है। ऐसे लगता है मानो किसी आधुनिक शहर की हलचल के बीच एक हरा-भरा टापू हो।

वेलिंगटन के सभी खास वेन्यू से ये ग्राउंड इतना करीब है कि लोग आसानी से पैदल पहुंच जाते हैं यहां। इसकी एक खास विशेषता घास वाला बड़ा ढलान (grass embankment) है जहां दर्शक धूप सेंकते हुए, मजे से पिकनिक के माहौल में, टेस्ट क्रिकेट का मजा लेते हैं। अक्टूबर 1925 में यहां ऐतिहासिक 'म्यूज़ियम स्टैंड' बना और न्यूजीलैंड क्रिकेट का म्यूजियम इसी में है। ये म्यूजियम 1987 में शुरू किया था और 2021 में इसमें नए र्निर्माण के बाद इसे फिर से खोला गया। यहां जो कलेक्शन है, उसके बारे में कह सकते हैं कि देश की क्रिकेट विरासत के एक खास और बड़े हिस्से को यहीं रखा है।

1980 में यहां 'आरए वेंस स्टैंड' बना जिसमें दर्शकों के स्टैंड के साथ-साथ मीडिया सेंटर भी है। न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर इवेन चैटफील्ड के सम्मान में, यहां के 'प्लेयर्स पवेलियन' को 'इवेन चैटफील्ड प्लेयर्स पवेलियन' का नाम दे दिया था।

वेलिंगटन शहर का एक परिचय और है। इसे 'विंडी सिटी' (हवा वाला शहर) भी कहते हैं। 'द बेसिन' में भी खूब हवा चलती है। कुक स्ट्रेट के पास, खुली जगह पर होने से यहां तेज और घूमती हुई हवा चलती हैं। एक मजेदार किस्सा है 2022-23 की भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज से पहले का ही। दोनों कप्तान विलियमसन और हार्दिक पांड्या का शूट-आउट था ट्रॉफी के साथ यहां खुले में। इससे पहले कि फोटोग्राफर क्लिक करता, तेज हवा ने ट्रॉफी को उड़ा दिया था। विलियमसन ने डाइव लगाकर ट्रॉफी को लपका और गिरने से बचाया।

ये हवाएं गेंद की दिशा को प्रभावित करती हैं, जो बल्लेबाज और फील्डर के लिए चुनौती है। आधुनिक विकास के बावजूद, इस ग्राउंड ने पारंपरिक क्रिकेट वेन्यू के आकर्षण और स्वरूप को बनाए रखा है।

'बेसिन' टेस्ट क्रिकेट के कई यादगार पल का गवाह है। जनवरी 1991 में, श्रीलंका के विरुद्ध यहां तीसरे विकेट के लिए मार्टिन क्रो (299) और एंड्रयू जोन्स (186) ने 467 रन की शानदार पार्टनरशिप की थी। फरवरी 1978 में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की और 48 साल के इंतजार को खत्म किया। सिर्फ 137 रन का लक्ष्य था पर इंग्लैंड को 64 रन पर आउट कर दिया और रिचर्ड हैडली ने 6-26 की गेंदबाजी की। एक और असाधारण व्यक्तिगत प्रदर्शन फरवरी 2014 में देखने को मिला जब भारत के विरुद्ध न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने शानदार 302 रन बनाए और 300 बनाने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बने।

'बेसिन' की चर्चा सिर्फ क्रिकेट में नहीं होती है। यहां एथलेटिक्स, फुटबॉल, रग्बी लीग, म्यूजिक कंसर्ट और कम्युनिटी प्रोग्राम भी होते रहे हैं। दो सबसे खास: मार्च 2011 में 'फिल द बेसिन' चैरिटी क्रिकेट इवेंट हुआ कैंटरबरी भूकंप पीड़ितों के लिए फंड जुटाने और मार्च 2019 में क्राइस्टचर्च मस्जिद शूट-आउट के पीड़ितों की याद में एक पब्लिक प्रेयर आयोजित हुई।

भारत के लिए, 'बेसिन रिजर्व' जीत और निराशा दोनों की यादें समेटे है। भारत को एक यादगार जीत 1968 में मिली जब नवाब पटौदी की टीम ने ऐतिहासिक टेस्ट जीता और इस ग्राउंड पर यही भारत की इकलौती जीत है। भारत यहां 1976, 1981, 1999, 2002 और 2020 में टेस्ट मैच हार गया था, जबकि 2009 और 2014 के मुकाबले ड्रॉ रहे थे।

वैसे न्यूजीलैंड में भारत का कुल टेस्ट रिकॉर्ड भी चुनौती वाला ही रहा है। कुल 25 टेस्ट में से, मेजबान टीम ने 10 जीते और भारत ने 5, जबकि 10 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।

Also Read: LIVE Cricket Score

नवंबर 2026 का टेस्ट भारत को इस ऐतिहासिक ग्राउंड पर फिर से खेलने, पुरानी कड़वी यादों को पीछे छोड़ने और अपने रिकॉर्ड को बेहतर बनाने का एक और मौका दे रहा है। भारतीय खिलाड़ियों के लिए, 'बेसिन' उनकी तकनीक और परिस्थिति के मुताबिक खेलने का एक दिलचस्प इम्तिहान होगा। यहां का मौसम, तेज हवाएं, पिच से मिलने वाला मूवमेंट और...पारंपरिक माहौल इस चुनौती को और बढ़ा देते हैं।

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार