भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेला गया पहला टेस्ट बुधवार (19 अगस्त) को खत्म हुआ, जिसमें टीम इंडिया ने 165 रन से शानदार जीत दर्ज की। भारत की इस जीत में युवा बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार का प्रदर्शन सबसे खास रहा। उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट अपने नाम किए और इसी के साथ अब वह भारत के सिर्फ चौथे ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने पहले दो टेस्ट मैचों में कम से कम एक-एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। सुथार से पहले तीन और भारतीय यह कारनामा कर चुके हैं।

Advertisement

1. मोहम्मद निसार
इस खास लिस्ट में सबसे पहला नाम पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद निसार का है। उन्होंने जुलाई 1932 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। निसार ने अपने पहले टेस्ट की पहली पारी में 93 रन देकर पांच विकेट लिए थे, जबकि दूसरी पारी में एक विकेट हासिल किया।

उनका दूसरा टेस्ट भी इंग्लैंड के खिलाफ दिसंबर 1933 में मुंबई में खेला गया था। इस मुकाबले की पहली पारी में निसार ने 33.5 ओवर में 90 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। इस तरह वह अपने पहले दो टेस्ट में फाइव विकेट हॉल लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे।

2. नरेंद्र हिरवानी
इस लिस्ट में दूसरा नाम पूर्व भारतीय लेग स्पिनर नरेंद्र हिरवानी का है। उन्होंने जनवरी 1988 में चेन्नई में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और अपने पहले ही मुकाबले में तहलका मचा दिया था। हिरवानी ने पहली पारी में 18.3 ओवर में 61 रन देकर आठ विकेट लिए और दूसरी पारी में 15.2 ओवर में 75 रन देकर आठ विकेट झटके। यानी डेब्यू टेस्ट में ही उन्होंने कुल 16 विकेट अपने नाम कर लिए थे।

अपने दूसरे टेस्ट में हिरवानी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु में 6 विकेट हासिल किए थे। पहली पारी में उन्होंने 2 विकेट लिए और दूसरी पारी में 59 रन देकर 6 विकेट झटके। इस तरह अपने शुरुआती दो टेस्ट में उनके नाम कुल 24 विकेट हो गए थे।

3 अक्षर पटेल
इस खास क्लब में तीसरे भारतीय स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने फरवरी 2021 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। पहली पारी में उन्होंने 40 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में 60 रन देकर पांच विकेट झटके।

इसके बाद अहमदाबाद में खेले गए अपने दूसरे टेस्ट में अक्षर ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों की जमकर खबर ली। यह डे-नाइट टेस्ट था, जिसमें उन्होंने पहली पारी में 38 रन देकर छह विकेट और दूसरी पारी में 32 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। इस तरह अक्षर ने भी अपने पहले दोनों टेस्ट में फाइव विकेट हॉल पूरा किया।

4 मानव सुथार
अब इस लिस्ट में चौथा नाम मानव सुथार का जुड़ गया है। 24 साल के इस बाएं हाथ के स्पिनर ने जून 2026 में मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। अपने पहले ही टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे, जबकि दूसरी पारी में 29 रन देकर एक विकेट लिया।

Also Read: LIVE Cricket Score

इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में सुथार ने अपने प्रदर्शन को और भी शानदार बना दिया। उन्होंने पहली पारी में चार विकेट और दूसरी पारी में छह विकेट लेकर मैच में कुल 10 विकेट झटके। इसी के साथ वह अपने पहले दो टेस्ट में फाइव विकेट हॉल लेने वाले भारत के चौथे गेंदबाज बन गए।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार