खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तीसरे दिन कर्नाटक ने इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक संख्या में अपनी बढ़त मजबूत कर ली है। वहीं मेजबान छत्तीसगढ़ के लिए सबसे अच्छा दिन रहा। छत्तीसगढ़ ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीता।

Advertisement

तैराक मणिकांत एल. ने एक बार फिर कर्नाटक टीम की अगुवाई की। उन्होंने अपने व्यक्तिगत खाते में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जोड़ा। तीसरे दिन के आखिर में कर्नाटक के खाते में 13 स्वर्ण, 5 रजत और एक कांस्य पदक था। ओडिशा 6 स्वर्ण, 2 रजत और 9 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। असम दो स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर है। छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर हैं। दोनों के पास छह-छह मेडल हैं, जिनमें तीन रजत और तीन कांस्य हैं।

Advertisement

छत्तीसगढ़ के लिए, अनुष्का भगत ने तीसरा रजत पदक जीता। अनुष्का ने महिलाओं की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में रजत जीता। निखिल जल्को ने पुरुषों की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में अपना दूसरा कांस्य पदक जीता, जबकि न्यासा पैकरा 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर पोडियम पर जगह बनाने वाली तीसरी खिलाड़ी बनीं।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पहले संस्करण में 30 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हिस्सा ले रहे हैं। इन खेलों में लगभग 3800 खिलाड़ी नौ अलग-अलग खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती में कुल 106 स्वर्ण पदक दांव पर हैं। मल्लखंभ और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल भी शामिल किए गए हैं।

तीन दिनों की प्रतिस्पर्धा के बाद, 14 राज्यों ने कम से कम एक पदक जीता है, जबकि इनमें से छह राज्यों ने कम से कम एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश और महाराष्ट्र ने भी स्वर्ण पदक का खाता खोला। अरुणाचल प्रदेश की अनाई वांगसू ने भारोत्तोलन की महिलाओं की 58 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र की तन्वी धुर्वे ने महिलाओं की 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तन्वी पहली ऐसी तैराक बन गईं जो कर्नाटक या ओडिशा से नहीं हैं, और पोडियम पर सबसे ऊपर खड़ी हुईं। उन्होंने 1:23.65 सेकंड का समय लेकर घड़ी रोक दी, जो दूसरे स्थान पर रहीं मध्य प्रदेश की सृष्टि वर्मा से लगभग नौ सेकंड आगे था। छत्तीसगढ़ की न्यासा पैकरा 1:47.62 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

हाल ही में 10वीं कक्षा की परीक्षा देने वाली तन्वी ने कहा, "मैं पिछले आठ सालों से तैराकी कर रही हूं, और इसके लिए मुझे अपने परिवार से प्रेरणा मिली है। मेरे पिता, सुखदेव, एक अंतरराष्ट्रीय ओपन वॉटर तैराक थे, और मेरा भाई, सार्थक, वॉटर पोलो नेशनल में गोल्ड मेडलिस्ट है। मुझे बहुत खुशी है कि मैंने भी 'खेलो इंडिया' में मेडल जीता है।"

Advertisement

कर्नाटक की मेघंजलि ने महिलाओं की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 38.23 सेकंड का समय निकालकर इन खेलों का अपना तीसरा स्वर्ण पदक जीता, जबकि अनुष्का भगत 39.57 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। यह लगातार तीसरा मौका था जब अनुष्का पहले स्थान से चूक गईं।

पुरुषों की स्पर्धा में, मणिकांत ने दिन की शुरुआत 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और 100 मीटर बटरफ्लाई में स्वर्ण पदक जीतकर की। दिन की आखिरी रेस में, मणिकांत के साथी धूनेश एन ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल में उन्हें फिनिश लाइन पर पीछे छोड़ दिया। धूनेश, जिन्होंने खेलों के पहले दिन 200 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता था, ने 25.75 मीटर का समय निकाला, जबकि मणिकांत सिर्फ 26.38 सेकंड का समय ही निकाल पाए।

कर्नाटक की मेघंजलि ने महिलाओं की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 38.23 सेकंड का समय निकालकर इन खेलों का अपना तीसरा स्वर्ण पदक जीता, जबकि अनुष्का भगत 39.57 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। यह लगातार तीसरा मौका था जब अनुष्का पहले स्थान से चूक गईं।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

इसके बाद, रिचिन चोंग्रुजू ने पुरुषों की 79 किग्रा श्रेणी में कुल 269 किग्रा वजन उठाकर अरुणाचल प्रदेश के स्वर्ण पदकों की संख्या को दोगुना कर दिया। मिजोरम ने रजत और कांस्य पदक जीता।

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार