भारत के सेल्वा प्रभु ने एथलेटिक्स सीजन 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ओरेगन टीम इनविटेशनल 2026 एथलेटिक्स मीट में पुरुषों का ट्रिपल जंप खिताब अपने नाम कर लिया है।
21 वर्षीय सेल्वा ने मशहूर हेवर्ड फील्ड में मुकाबला करते हुए, 16.61 मीटर की विजयी छलांग लगाकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने अपनी सभी कोशिशों में जबरदस्त निरंतरता दिखाई। प्रतियोगिता के दौरान सेल्वा ने 16.57 मीटर और 16.37 मीटर की छलांग भी लगाई।
अपलोस एडवर्ड्स 16.53 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि झावोर बेनेट ने 16.11 मीटर की छलांग लगाकर तीसरा स्थान अपने नाम किया।
विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2022 में सिल्वर मेडल जीतने वाले सेल्वा ने इस सीजन में लगातार अपनी लय बना रहे हैं। फेएटविले में आयोजित एनसीएए इंडोर चैंपियनशिप 2026 में हासिल किया गया उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17.05 मीटर, इस स्पर्धा में भारतीय इंडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर पर, पुरुषों के ट्रिपल जंप का समग्र रिकॉर्ड प्रवीण चित्रवेल के नाम है, जिन्होंने दो मौकों पर 17.37 मीटर की दूरी तय की है।
ओरेगन में मिली यह जीत सेल्वा प्रभु का इस सीजन में तीसरा खिताब है। उन्होंने जनवरी में मैनहैटन, कंसास में आयोजित 'थेन बेकर एथलेटिक्स मीट' में 16.49 मीटर की छलांग लगाकर वर्ष की शानदार शुरुआत की थी। उस प्रदर्शन की बदौलत वह एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की ओर से निर्धारित 16.28 मीटर के क्वालीफाइंग मानक को भी पार करने में सफल रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर, पुरुषों के ट्रिपल जंप का समग्र रिकॉर्ड प्रवीण चित्रवेल के नाम है, जिन्होंने दो मौकों पर 17.37 मीटर की दूरी तय की है।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस महीने की शुरुआत में, सेल्वा प्रभु ने पालो ऑल्टो में आयोजित 'स्टैनफोर्ड इनविटेशनल' में भी 15.76 मीटर की छलांग लगाकर शीर्ष सम्मान हासिल किया था। इस सीजन में अपनी अन्य प्रतियोगिताओं में, वह तीन स्पर्धाओं में उपविजेता रहे हैं, जो उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाता है। ओरेगन टीम इनविटेशनल को वर्ल्ड एथलेटिक्स कैलेंडर पर 'श्रेणी ई' की मीट के रूप में वर्गीकृत किया गया है।