दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने मंगलवार को अलेक्जेंडर बुब्लिक के खिलाफ तीसरे सेट के टाई-ब्रेक में संघर्षपूर्ण जीत के साथ 2019 के बाद पहली बार शंघाई मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

इस साल दो ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। उन्होंने मैच 7-6(6), 4-6, 7-6(1) से अपने नाम किया। जर्मनी के इस खिलाड़ी ने पहले सेट में चार सेट प्वाइंट बचाए। दूसरे सेट के दौरान उन्हें टखने में परेशानी भी हुई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। तीसरे सेट के टाई-ब्रेक में ज्वेरेव ने शानदार खेल दिखाया और 2 घंटे 41 मिनट में मैच जीत लिया।

टॉप सीड ज्वेरेव अब अपने करियर में 40वीं बार एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे हैं। वह इस स्तर पर अपना आठवां और शंघाई मास्टर्स में पहला खिताब जीतने की कोशिश कर रहे हैं। ज्वेरेव ने कहा, "दुर्भाग्य से मेरे टखने में तकलीफ हो रही थी। यह समझ में आने वाली बात थी क्योंकि मैं बहुत ज्यादा टेनिस खेल रहा हूं, जो एक अच्छा संकेत है क्योंकि मैं अच्छा खेल रहा हूं। मैं अपने शरीर को और बेहतर ढंग से महसूस कर रहा हूं, लेकिन मैं आगे बढ़कर खुश हूं। यह एक मुश्किल मैच था क्योंकि वह शानदार टेनिस खेल रहे थे।"

सोमवार को पहली बार एटीपी ईयर-एंड नंबर 1 का सम्मान हासिल करने के बाद ज्वेरेव पहली बार मुकाबला कर रहे थे। जर्मनी के इस स्टार खिलाड़ी ने 2026 में दो ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं और अब वह आधिकारिक एटीपी रैंकिंग में दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी बनने के बेहद करीब हैं।

ज्वेरेव एटीपी रैंकिंग में नंबर 1 बनने वाले 30वें खिलाड़ी बन सकते हैं। वह यह उपलब्धि सबसे जल्दी 2 नवंबर को हासिल कर सकते हैं। मौजूदा नंबर 1 यानिक सिनर घुटने की चोट के कारण 2026 के बाकी सीजन से बाहर हो चुके हैं, जबकि दुनिया के नंबर 3 खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज इस साल के अंत तक ज्वेरेव से आगे नहीं निकल सकते।

पहला सेट पूरी तरह सर्विस के दम पर खेला गया। अलेक्जेंडर बुब्लिक के पास सेट जीतने के चार मौके थे, लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा सके। 5-6 के स्कोर पर उन्हें पहला सेट प्वाइंट मिला, लेकिन उनका फोरहैंड शॉट नेट में चला गया। इसके बाद टाई-ब्रेक में भी बुब्लिक 6-3 से आगे थे, लेकिन दो खराब ड्रॉप शॉट और एक फोरहैंड बाहर मारने के कारण बढ़त गंवा बैठे। इसका फायदा उठाते हुए अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अपने पहले सेट प्वाइंट पर वॉली लगाकर सेट जीत लिया।

दूसरे सेट में बुब्लिक ने शानदार वापसी की। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में ज्वेरेव की सर्विस तोड़ने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी बनने का कारनामा किया। इस दौरान उन्होंने कम गलतियां कीं और सेट जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। वहीं, ज्वेरेव को दूसरे सेट में फिटनेस से जूझते हुए देखा गया और वह कई बार अपने दाहिने टखने को पकड़ते नजर आए।

हालांकि, ज्वेरेव ने हार नहीं मानी। तीसरे और निर्णायक सेट में उन्होंने पीछे होने के बावजूद शानदार वापसी की। आखिर में अपने 14वें ऐस की मदद से उन्होंने मैच जीत लिया। इस जीत के साथ उन्होंने बुब्लिक के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 2-3 कर लिया है। अब ज्वेरेव का सामना एलेक्स डी मिनौर से होगा, जिन्होंने करेन खाचानोव को 6-3, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

दूसरे सेट में बुब्लिक ने शानदार वापसी की। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में ज्वेरेव की सर्विस तोड़ने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी बनने का कारनामा किया। इस दौरान उन्होंने कम गलतियां कीं और सेट जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। वहीं, ज्वेरेव को दूसरे सेट में फिटनेस से जूझते हुए देखा गया और वह कई बार अपने दाहिने टखने को पकड़ते नजर आए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार