UTT Season: भारत की अयहिका मुखर्जी, जिनकी वैश्विक रैंकिंग 135 है, ने सोमवार को महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अल्टीमेट टेबल टेनिस के चौथे सीजन के एक रोमांचक मुकाबले में दुनिया की 26वें नंबर की खिलाड़ी लिली झांग पर 2-1 से चौंकाने वाली जीत दर्ज की। उनके इस शानदार परफॉर्मेंस की बदौलत दबंग दिल्ली टीटीसी ने यू मुंबा टीटी को 11-4 से हराकर इस सीजन की अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

Advertisement

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही इस फ्रेंचाइजी-बेस्ड लीग की शुरुआत 2017 में हुई थी और इसके प्रमोटर नीरज बजाज और वीटा दानी हैं।

Advertisement

अयहिका ने हर अंक के लिए संघर्ष किया और अमेरिका की लिली के खिलाफ 2-1 से जीत हासिल कर अपनी फ्रेंचाइजी की जीत की नींव रखी।

दोनों खिलाड़ियों के बीच पहले गेम में कांटे की टक्कर देखने को मिली। लिली और अयहिका ने एक-एक अंक जीतने के लिए जान लगा दी। दोनों का बैकहैंड शानदार था। अंत में, हालांकि अमेरिकी खिलाड़ी को गोल्डन पॉइंट के आधार पर जीत मिली।

दोनों ने दूसरे गेम में भी अपना जुझारूपन जारी रखा। यह गेम गोल्डन पाइंट के माध्यम से अयहिका के पक्ष में गया। तीसरे और निर्णायक गेम में भारतीय पैडलर ने जबरदस्त मानसिक दृढ़ता दिखाई और एक बार फिर गोल्डन पाइंट के जरिए गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

इससे पहले, यू मुंबा टीटी के मानव ठक्कर दबंग दिल्ली टीटीसी के जॉन परसन के खिलाफ 0-3 से हार गए। मानव शुरुआत में ही लय में नहीं दिखे। इसका फायदा लेकर परसन शुरुआती गेम में जल्दी ही 10-2 पर पहुंच गए। इसके बाद हालांकि मानव ने दर्शकों को रोमांचित करते हुए लगातार छह अंक अर्जित किए। हालांकि, स्वीडिश पैडलर ने धैर्य बनाए रखते हुए सटीक फोरहैंड से पहला गेम 11-8 से जीत लिया।

Advertisement

दूसरे गेम में भी सूरत के पैडलर ने परसन को हर अंक के लिए पसीना बहाने पर मजबूर किया लेकिन दबंग दिल्ली टीटीसी के खिलाड़ी ने इस गेम को 11-8 से अपने नाम कर लिया। परसन ने दोनों छोर पर अपने शानदार शॉट्स से अगला गेम भी 11-7 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

सत्यन गणशेखरन और बारबोरा बालाजोवा ने मुकाबले के तीसरे मैच, जो कि मिश्रित युगल था, में मानव और लिली को 2-1 से हराकर दबंग दिल्ली टीटीसी की बढ़त को मजबूत किया। पहला गेम यू मुंबा टीटी की जोड़ी के नाम 11-5 से रहा, लेकिन सत्यन और बारबोरा ने अगले दो गेम 11-5, 11-8 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी कादरी अरुणा ने सत्यन को अंतिम से पहले वाले मुकाबले में, जो कि पुरुष एकल था, में 2-1 से हराया लेकिन यू मुंबा टीटी को हार से नहीं बचा सके। कादरी ने पहले दो गेम 11-6, 11-6 से जीते लेकिन बाद में सत्यन ने तीसरा गेम 11-8 से जीत लिया ।

Advertisement

मुकाबले का आखिरी मैच महिला एकल था, जिसमें श्रीजा अकुला ने दीया चितले को 3-0 (11-8, 11-9, 11-8) से हराकर दबंग दिल्ली टीटीसी की शानदार जीत तय कर दी।

मैच का परिणाम:

दबंग दिल्ली टीटीसी 11-4 यू मुंबा टीटी

Advertisement

जॉन परसन 3-0 मानव ठक्कर (11-8, 11-8, 11-7)

अयहिका मुखर्जी 2-1 लिली झांग (10-11, 11-10, 11-10)

सत्यन/बारबोरा 2-1 मानव/लिली (5-11, 11-5, 11-8)

Advertisement

सत्यन गणशेखरन 1-2 कादरी अरुणा (6-11, 6-11, 11-8)

श्रीजा अकुला 3-0 दीया चितले (11-8, 11-9, 11-8)

Advertisement

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार