इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप शॉटगन में भारत की मिक्स्ड टीम ट्रैप जोड़ियां मेडल राउंड से बाहर हो गईं। इसी के साथ भारतीय टीम ने साल के पहले वर्ल्ड कप लेग में बिना किसी मेडल के अपना सफर खत्म किया।
गुरुवार को मोरक्को के टैंजियर में इंडिया-1 टीम ने क्वालिफिकेशन के तीन राउंड में कुल 134 का स्कोर किया। इस टीम में पृथ्वीराज टोंडाइमन (24, 22, 23) और कीर्ति गुप्ता (22, 22, 21) शामिल थे। 33 टीमों की इस प्रतियोगिता में इंडिया-1 टीम 18वें स्थान पर रही। टॉप चार जोड़ियां ही फाइनल में जगह बनाती हैं।
इंडिया-2 टीम, जिसमें कायन चेनाई (25, 21, 22) और राजेश्वरी कुमारी (18, 22, 22) शामिल थे, 130 के कुल स्कोर के साथ 25वें स्थान पर रही। इटली की दिग्गज जोड़ी, डेनिएल रेस्का और जेसिका रॉसी, 147 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर रही। इसके साथ ही, भारत ने बिना किसी सफलता के इस प्रतियोगिता का समापन किया।
43 देशों के 270 से ज्यादा एथलीट पांच ओलंपिक शॉटगन इवेंट्स में पांच गोल्ड मेडल्स के लिए होड़ में थे। इनमें मौजूदा वर्ल्ड और ओलंपिक चैंपियन भी शामिल थे, जो एक लंबे और अहम इंटरनेशनल सीजन से पहले अपनी तैयारियों को परखने के लिए उत्सुक थे।
20 सदस्यीय भारतीय टीम में कई जाने-माने एथलीट्स शामिल हैं, जिनमें ओलंपियन माहेश्वरी चौहान, कायन चेनाई और पृथ्वीराज टोंडाइमन प्रमुख हैं। ये सभी इंटरनेशनल सीजन की शुरुआत जोरदार तरीके से करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
भारतीय शॉटगन टीम ने आखिरी बार पिछले साल एथेंस में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में एक पूरी टीम के तौर पर इंटरनेशनल स्तर पर हिस्सा लिया था। उस प्रतियोगिता में सीनियर खिलाड़ी जोरावर सिंह संधू ने पुरुषों के ट्रैप इवेंट में एक ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था।
20 सदस्यीय भारतीय टीम में कई जाने-माने एथलीट्स शामिल हैं, जिनमें ओलंपियन माहेश्वरी चौहान, कायन चेनाई और पृथ्वीराज टोंडाइमन प्रमुख हैं। ये सभी इंटरनेशनल सीजन की शुरुआत जोरदार तरीके से करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
मोरक्को में व्यक्तिगत स्पर्धाओं के विजेताओं को आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल के लिए बहुप्रतीक्षित क्वालिफिकेशन स्थान मिलेंगे, जो दिसंबर में रोम में आयोजित होने वाला है। आईएसएसएफ का कारवां अब इस साल के पहले राइफल/पिस्टल विश्व कप चरण के लिए आगे बढ़ रहा है, जिसका आयोजन 5-13 अप्रैल के बीच स्पेन के ग्रेनाडा में होगा।