भारत ने यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और शिवम दुबे (Shivam Dube) के अर्धशतकों की मदद से अफगानिस्तान को तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे मैच में 6 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने सीरीज पर 2-0 से अपना कब्ज़ा जमा लिया। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था।
अफगानिस्तान पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 172 के स्कोर पर सिमट गयी। गुलबदीन नायब ने टीम की तरफ से सबसे ज्यादा 57(35) रन बनाये। ये उनका दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उनका अर्धशतक 2015 में आया था। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के जड़े। उनके अलावा नजीबुल्लाह जादरान ने 23(21) रनों का योगदान दिया। उन्होंने अपनी इस पारी में 1 चौका और 2 छक्के जड़े। मुजीब उर रहमान ने 21(9) और करीम जनत ने 20(10) रन की पारियां खेली। अर्शदीप सिंह ने भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किये। 2-2 विकेट अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई लेने में सफल रहे। एक विकेट शिवम दुबे ने अपनी झोली में डाला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने मैच को 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर और 173 रन बनाकर जीत लिया। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन यशस्वी जायसवाल ने बनाये। उन्होंने 34 गेंद में 5 चौको और 6 छक्कों की मदद से 68 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा शिवम दुबे ने 32 गेंद में 5 चौको और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। ये उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। जायसवाल और शिवम ने 92 (42) रन जोड़े। विराट कोहली ने 16 गेंद में 5 चौके की मदद से 29 रन बनाये। जायसवाल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 57 (28) रन जोड़े। अफगानिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा 2 विकेट करीम जनत ने हासिल किये। एक-एक विकेट फजलहक फारूकी और नवीन-उल-हक को मिला।